मैनपुरी(सुवि)जिला निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विधान सभा निर्वाचक नामावलियों के प्रगाढ़ पुनरीक्षण के बूथ लेवल अधिकारियों, सुपरवाइजर वार समीक्षा के दौरान कहा कि कुछ बूथ लेवल अधिकारियों, सुपरवाइजर का काम बहुत बेहतर है लेकिन अभी कुछ बी.एल.ओ., सुपरवाइजर के कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं हैं। उन्होने ऐसे बूथ लेवल अधिकारियों, सुपरवाइजर जिनके गणना प्रपत्र के संकलित करने, डिजिटलाइजेशन की प्रगति 60 प्रतिशत से कम है वह कार्य में तेजी लाकर कल दोपहर तक 60 प्रतिशत से अधिक की प्राप्ति सुनिश्चित करें। उन्होने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से कहा कि जो गणना प्रपत्र भरकर प्राप्त हो गये हैं उनका प्राथमिकता पर डिजिटलाइजेशन कराया जाये, इस कार्य में किसी भी स्तर पर विलम्ब न हो। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों से कहा कि जिस बीएलओ के क्षेत्र में मतदाता सूचियों से संबंधित जो कार्य शेष रह गया है, उसे आगामी 02 दिवसों में शत-प्रतिशत पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मैपिंग का कार्य बहुत महत्वपूर्ण है, विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के दौरान जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, जो स्थाई रूप से निवास स्थान छोड़ कर चले गये हैं, उन पर विशेष फोकस किया जाये।
श्री सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गणना प्रपत्र संकलित करने, डिजिटलाइजेशन के कार्य की प्रगति काफी बेहतर है, लेकिन शहरी क्षेत्र में कार्य की गति धीमी है। उन्होने उप जिलाधिकारियों से कहा कि शहरी क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों, सुपरवाइजरों से प्रत्येक 01 घंटे में फीडबैक लें, 04 दिसम्बर तक शत-प्रतिशत मतदाताओं से गणना प्रपत्र संकलित कर डिजिटलाइजेशन का कार्य प्रत्येक दशा में पूर्ण किया जाये। उन्होने अधिशाषी अधिकारी नगर निकाय को आदेशित करते हुये कहा कि शहरी क्षेत्र में एसआईआर कार्य की धीमी प्रगति को ध्यान में रख वार्डों मंे लाउडस्पीकर के माध्यम से मतदाताओं को तत्काल गणना प्रपत्र भरकर जमा करने हेतु प्रेरित किया जाये। उन्होने प्राथमिक विद्यालय छतारी पर संचालित पुनरीक्षण कार्य का स्थलीय निरीक्षण करते हुये बूथ लेवल अधिकारी को आदेशित करते हुये कहा कि कार्य की प्रगति सुधारें।



