कुं. आर. सी. महिला महाविद्यालय, मैनपुरी में एन.एस.एस. की संयुक्त इकाई द्वारा सड़क सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शेफाली यादव जी ने अपने वक्तव्य में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं बल्कि जीवन रक्षा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और समाज में भी जागरूकता फैलाने का कार्य निरंतर करती रहें।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सड़क सुरक्षा से संबंधित आकर्षक चार्ट पेपर एवं पोस्टर तैयार किए, जिनमें हेलमेट के उपयोग, सीट बेल्ट लगाने, ज़ेब्रा क्रॉसिंग का पालन करने, ओवरस्पीडिंग से बचने तथा मोबाइल फोन का प्रयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को दर्शाया गया।
एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनामिका सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए युवाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। एन.एस.एस. के माध्यम से छात्राएं समाज में सकारात्मक परिवर्तन की भूमिका निभा रही हैं। वहीं कार्यक्रम अधिकारी जया सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा का पालन कर हम न केवल अपना जीवन सुरक्षित रख सकते हैं बल्कि दूसरों की भी रक्षा कर सकते हैं।
शिविर में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश समाज तक पहुँचाया। छात्राओं की सक्रिय गतिविधि के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



