मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने अधिकारियों के साथ मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण एवं द्वितीय चरण की जन-गणना के अंतर्गत संचालित स्व-गणना के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जनपद के शत-प्रतिशत पात्र युवा मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करायें जायें। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी, प्रचार्य राजकीय महाविद्यालय, निदेशक राजकीय इंजीरियरिंग कॉलेज, प्रधानाचार्य राजकीय पॉलीटेक्निक, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान को निर्देशित किया कि 01 सप्ताह के भीतर जनपद की समस्त शैक्षणिक संस्थानों में अनिवार्य रूप से ’निर्वाचन साक्षरता क्लब’ का गठन कर लिया जाए। उन्होनें युवा मतदाताओं के पंजीकरण कार्य में तेजी लाने के लिए यू-डायस पोर्टल के डेटा का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों, एन.आई.सी. के तकनीकी विशेषज्ञों से कहा कि यू-डायस पोर्टल पर जनपद की समस्त शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं के नाम, पते, सहित संपूर्ण विवरण दर्ज है, पोर्टल से ऐसे सभी पात्र छात्र-छात्राओं के नाम, पते सहित सूची तत्काल तैयार कर उपलब्ध कराई जाए, जो आगामी 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सभी भावी मतदाताओं का विवरण एकत्रित कर संबंधित विद्यालयों में गठित निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से उनके फॉर्म-06 भरवाए जाएं और उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाए।
श्री त्रिपाठी ने कहा कि निर्वाचन साक्षरता क्लबों के गठन एवं संचालन के लिए आवश्यक गाइडलाइन, बुकलेट उपलब्ध करा दी गई हैं, सभी अधिकारी दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन करें और विद्यालयों के प्रधानाचार्यों व नोडल शिक्षकों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य को अंजाम दें। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता, लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी यदि किसी अधिकारी को पोर्टल से डेटा निकालने या क्लबों के गठन में कोई तकनीकी समस्या आती है, तो वह तत्काल उच्चाधिकारियों या तकनीकी टीम से संपर्क कर उसका समाधान कराएं। उन्होंने जेंडर रेशियो सुधार में बाल विकास, एनआरएलएम, महिला कल्याण, सप्लाई, पंचायती राज, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि महिलाओं, बालिकाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं, आशा, एएनएम, समूह सखी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, सहायिका, प्रोवेशन की जेंडर स्पेशलिस्ट, महिला मंगल दल का सहयोग लेकर प्रत्येक पात्र महिला, बालिका का नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाए, 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे प्रत्येक बालिका का नाम सूची में शामिल हो सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने निदेशक राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय, प्रधानाचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, राजकीय पॉलिटेक्निक, फार्मेसी, प्राचार्य डाइट से कहा कि अगले 02 दिन में अपने-अपने अधीन शासकीय, अशासकीय, निजी क्षेत्र के विद्यालयों में जनपद के 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे छात्रों का डेटा अगले उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला पंचायत अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, उपायुक्त एन.आर.एल.एम., जिला प्रोवेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी से कहा कि अपने-अपने विभाग के कार्मिकों के माध्यम से घर-घर भ्रमण कराकर जानकारी एकत्र करें कि कहीं कोई 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहा युवा मतदाता सूची में शामिल होने से शेष नहीं है।
जिलाधिकारी ने जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत चल रहे स्व-गणना अभियान तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्यों में आपसी तालमेल बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने माध्यमिक शिक्षा विभाग और बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह अपने स्तर से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर इस अभियान की नियमित निगरानी करें, अपने-अपने विभाग के समस्त कार्मिकों, शिक्षकों से अगले 02 दिनों में स्व-गणना का शत्-प्रतिशत कार्य पूर्ण कराकर एस.ई. नम्बर उपलब्ध करायें।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेश चंद्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, परियोजना निदेशक डीआरडीए शोभनाथ चौरसिया, प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय डॉ. एस.पी. सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, जिला दिव्यंागजन सशक्तीकरण अधिकारी राजेश बघेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम, जिला पंचायत राज अधिकारी अंकित त्यागी, सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक रघुराज सिंह पाल, बाल संरक्षण अधिकारी अल्का मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित करें।



