मैनपुरी(सुवि) गत् माह जन-सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के सम्मुख जब ग्राम नगरिया अंगौथा नि. शान्ती देवी ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि गाटा संख्या-1835 रकवा तीन एकड़ से अधिक भूमि है, जिसे पूर्व जिलाध्यक्ष सपा, वर्तमान प्रधानपति देवेन्द्र सिंह यादव ने अपने सहयोगी के साथ मिलकर कब्जा कर लिया है, ये बड़े भू-माफिया व शातिर व्यक्ति है, जो पुलिस कर्मी पर जानलेवा हमले में सजायाप्ता है, जिसे गंभीरता से लेते हुये उन्होने उप जिलाधिकारी सदर को शिकायत की जांच कर तत्काल प्रभावी कार्यवाही के आदेश दिये थे लेकिन आज पुनः शिकायतकर्ता ने भूमि से अनाधिकृत कब्जा अभी तक न हटाये जाने की पुनः शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी स्वयं उप जिलाधिकारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, क्षेत्रीय राजस्व कर्मियों के साथ मौके पर जाकर शिकायत का स्थलीय निरीक्षण कर सत्यता परखते हुये मौके पर उपस्थित उप जिलाधिकारी, क्षेत्रीय लेखपाल को निर्देशित करते हुये कहा कि सह खातेदारों का निस्तारण होने तक मौके पर यथास्थिति रखी जाये, किसी भी दशा मंे निर्माण कार्य न हो, सुनिश्चित किया जाये।

श्री सिंह ने कहा कि जबरन अवैध कब्जा करने वालों के विरूद्ध दंडात्मक कार्यवाही हो, एक बार सीमांकन, पैमाइश के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाये तो उसे भू-माफिया में चिन्हित कर उसके विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराकर वैद्यानिक कार्यवाही की जाये, किसी भी गरीब, असहाय व्यक्ति की निजी भूमि पर कोई दबंग काबिज न रहे, कहीं भी सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जा न रहे, राजस्व कर्मी सुनिश्चित करें, अनाधिकृत कब्जों की शिकायतों पर राजस्व, पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर प्रभावी कार्यवाही करे, अनाधिकृत कब्जा हटवाने के बाद शिकायतकर्ता के साथ मौके पर उपस्थित अन्य 02 व्यक्तियों के हस्ताक्षर अवश्य कराये जायें यदि किसी पक्ष के द्वारा निस्तारण के दौरान, उपरांत अवरोध उत्पन्न किया जाये तो उसे भारी मुचलके में पाबंद कर शांतिभंग की धाराओं में कार्यवाही की जाये। उन्होने कहा कि अधिकारी जन-शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण के लिए संवेदनशील रहें, प्रत्येक कार्यदिवस में प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक कार्यालय में उपस्थित रहकर जन-शिकायतें सुन उनका प्रभावी, गुणवत्तापरक निकराण करें, अधिकारियों, कर्मचारियों की कार्यशैली से आम आदमी राहत महसूस करे, कार्यालयों में ऐसा वातावरण सृजित किया जाये।

इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर सिंह, नायब तहसीलदार सौर्य वर्धन राठौर, अनिल कुमार सक्सेना, अनुज कुमार, लेखपाल श्याम गुप्ता आदि उपस्थित रहे।