मैनपुरी(सुवि)जिला निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों के सम्भाजन के सम्बन्ध में कार्यक्रम घोषित किया जा चुका है। उन्होने कहा कि आपत्तियों एवं सुझावों हेतु मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची का प्रकाशन दि. 10 नवम्बर को किया जायेगा तथा मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध करायी जायेगी। उन्होने उपस्थित जन-प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों से कहा कि मतदेय स्थलों के सम्भाजन के सम्बन्ध में यदि कोई आपत्ति हो तो प्रत्येक दशा में दि. 09 नवम्बर तक लिखित में सम्बन्धित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध करा दें, जन-प्रतिनिधियों, मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक के पश्चात् शिकायतों, सुझावों के निस्तारण के उपरांत सूची को दि. 18 नवम्बर को अन्तिम रूप दिया जायेगा, दि. 19, 20 एवं 21 नवम्बर को जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सभी संलग्नकों सहित मतदेय स्थलों का प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को आयोग के अनुमोदनार्थ भेजने हेतु उपलब्ध कराया जायेगा, दि. 24 नवम्बर को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा सम्भाजन संबंधी प्रस्ताव आयोग के अनुमोदनार्थ प्रेषित किया जायेगा।

श्री सिंह ने कहा कि वर्तमान में 107-विधानसभा क्षेत्र मैनपुरी में 255 मतदान केन्द्र, 395 मतदेय स्थल, 108-विधान सभा क्षेत्र भोगांव में 331 मतदान केन्द्र, 419 मतदेय स्थल, 109-विधानसभा क्षेत्र किशनी में 331 मतदान केन्द्र तथा 400 मतदेय स्थल एवं 110-विधान सभा क्षेत्र करहल में 350 मतदान केन्द्र, 447 मतदेय स्थल है। उन्होने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा इस वर्ष मतदेय स्थलों के सम्भाजन 1200 मतदाताओं से अधिक पर किए जाने हेतु निर्देश दिए गए हैं, मतदेय स्थलों का सम्भाजन का कार्य उप जिलाधिकारियों के द्वारा मतदेय स्थल का भवन स्वयं भौतिक रूप से देख कर किया जायेगा, चूंकि आपके द्वारा दिए जाने वाले सुझावों, प्रस्तावों को नियमानुसार जांचोपरान्त स्वीकृति के आधार पर दि. 10 नवम्बर को आलेख्य प्रकाशन में सम्मिलित किया जाना है, इसलिए जो भी प्रस्ताव अथवा सुझाव हों वह लिखित रूप में अभी अथवा दि. 09 नवम्बर को सायं तक उपलब्ध करा दें ताकि उनकी जांच सम्बन्धित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से कराकर समुचित कार्यवाही की जा सके। उन्होने कहा कि मन्दिर, गिरजाघर, मस्जिद, गुरुद्वारा या धार्मिक महत्व के भवनों, पुलिस थाने, चिकित्सालय, औषधालय को मतदेय स्थल के रूप में प्रस्तावित नहीं किया जायेगा, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के अनुसार मतदेय स्थलों का निर्धारण करने के पश्चात् मतदेय स्थलों की एक नयी सूची तैयार की जायेगी और उसका आलेख्य समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के जिला स्तरीय प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया जायेगा।
उन्होने बैठक में उपस्थित विभिन्न राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से कहा कि मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंटों की तैनाती कर सूचना कल दि. 08 नवम्बर तक प्रत्येक दशा में उपलब्ध करा दें ताकि सूचना ससमय आयोग को उपलब्ध करायी जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी श्याम लता आनन्द, उप जिलाधिकारी सदर, भोगांव, करहल, किशनी, अभिषेक कुमार, संध्या शर्मा, सुनिष्ठा सिंह, गोपाल शर्मा, सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार के अलावा सदस्य विधान सभा क्षेत्र किशनी इं. बृजेश कठेरिया, सदस्य विधान परिषद मुकुल यादव, जिलाध्यक्ष कॉग्रेस गोपाल कुलश्रेष्ठ, मुंशीलाल शाक्य, नवीन शर्मा, भारतीय जनता पार्टी से जिला उपाध्यक्ष प्रदीप चौहान राज, जिलाध्यक्ष सपा आलोक शाक्य, देवेन्द्र सिंह, राम नारायन बाथम, नदीम इलाही, बहुजन समाज पार्टी से डा. अवनीश शाक्य, मुकेश गौतम, जिलाध्यक्ष आम आदमी पार्टी सन्तोष कुमार श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।
——————————————————



