मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में परिवहन, लोक निर्माण, पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी अधिकारी जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु सम्मिलित प्रयास करें, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, शराब पीकर वाहन चलाने वालों, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाए, नियमों की अनदेखी करने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए जाएं, ओवर स्पीड, बिना सीट-बेल्ट, हेलमेट के वाहन चलाने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही कर जुर्माना वसूला जाये, जनपद के किसी भी मुख्य मार्ग पर गढ्ढे न हों, मुख्य मार्गों के किनारे अभियान चलाकर अनाधिकृत अतिक्रमण हटाये जायें, सड़क के किनारे गिट्टी, मोरम रख बिक्री करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही होे।
श्री सिंह ने कहा कि मुख्य चौराहों के आस-पास कहीं भी सड़क के किनारे अनाधिकृत कब्जे न रहे, अभियान चलाकर स्टेशन रोड, मुख्य मार्गाे, चौराहों से अतिक्रमण हटाए जाएं। उन्होने जिला विद्यालय निरीक्षक से कहा कि विद्यालयों में गठित रोड सेफ्टी क्लब के माध्यम से छात्रों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाये, छात्रों के माध्यम से आमजन को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाये, चिन्हित ब्लैक-स्पॉट पर तत्काल साइनेज, साइन बोर्ड लगाए जाएं। उन्होने परिवहन, लोक निर्माण, एन.एच.ए.आई. विभाग के अधिकारियों से कहा कि सड़क दुर्घटनाओं केे कारण तमाम व्यक्ति असमय मौत के शिकार हो रहे हैं, यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाये, पुलिस, परिवहन विभाग के अधिकारी यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करें, जी.टी. रोड़ पर डिवाइडर के ऊपर मजबूत जाली लगायी जाये ताकि दुपहिया वाहन चालक डिवाइडर के ऊपर से सड़क पार न कर सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में अनफिट वाहनों का संचालन किसी भी दशा में न हो, विद्यालय के वाहनों चालकों, परिचालकों के चरित्र, ड्राइविंग लाइसेंस आदि अभिलेखों, विद्यालय वाहनों की फिटनेस का सत्यापन निर्धारित समय पर हो। उन्होंने जानकारी करने पर पाया कि माह सितम्बर में 42 सड़क दुर्घटनाएं घटित हुईं, जिसमें 28 व्यक्तियों को अपनी जान गवांनी पड़ी जबकि गत वर्ष के माह सितम्बर में 47 सड़क दुर्घटनाओं में 21 व्यक्तियों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
ए.आर.टी.ओ. शिवम यादव ने बताया कि ओवर स्पीड पर 07, बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन चलाने पर 1451, बिना सीट बैल्ट पर 106, रोंग साइड पर 06, मोबाइल का प्रयोग करने पर 16, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 242, बिना फिटनेस के 12 वाहन चालकों के विरूद्ध कार्यवाही की गयी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण ए.के. अरूण, जिला आबकारी अधिकारी हितेन्द्र शेखर, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी दीपिका गुप्ता आदि उपस्थित रहे।




👍
Comments are closed.