मैनपुरी(सुवि)जन-शिकायतें सुनने के दौरान जब पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के सम्मुख कुचेला नि. कृष्ण मुरारी ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि उसे गाटा संख्या-1957 रकवा .534 हे. पर पट्टा आवंटित हुआ था, जिस पर वह काबिज था और लगातार खेती कर रहा था लेकिन गांव के दबंग नेमसिंह यादव, सीताराम यादव के द्वारा गुंडागर्दी के बल पर धान की फसल को काटने का प्रयास किया जा रहा है, इससे पूर्व भी इनके द्वारा मारपीट की गई, जिसका एस.सी.,एस.टी. एक्ट में वाद भी दायर है, शिकायतकर्ता ने दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही कर धान की फसल काटने की मांग की, जिस पर उन्होंने मौके पर उपस्थित उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि मौके का मुआयना कर प्रभावी कार्यवाही करें, आवंटित पट्टों पर पट्टेदार ही काबिज रहें। उन्होंने कहा कि यद्यपि जनपद में अवैध कब्जों की शिकायतों में काफी कमी आई है लेकिन अभी भी दबंगों द्वारा जबरन कब्जों की कुछ शिकायतें प्राप्त हो रही है। उन्होंने कहा कि गुंडागर्दी, दबंगई के बल पर कब्जा करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही की जाए, कोई भी दबंग, शरारती प्रवृत्ति का व्यक्ति किसी कमजोर व्यक्ति की भूमि पर काबिज न रहे, चकरोड, खलिहान, मरघट, विद्यालय की भूमि, तालाब की भूमि पर यदि कहीं भी कब्जे हों तो उन्हें तत्काल हटवाया जाए। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने कहा कि जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेद-भाव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मिले, लाभार्थियों के चयन में मानकों का पूरा ध्यान रखा जाए, आमजन को मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित हो, अधिकारी शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करें, अधिकारियों, कर्मचारियों की कार्यशैली से आमजन राहत महसूस करें। उन्होने कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए, किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार चक्कर न लगाने पड़े। जन-सुनवाई के दौरान नगला कोडर नि. दिव्यांग संन्तोष कुमार ने के.सी.सी. कर्ज माफी कराये जाने, ग्राम नगला भूपति नि. नन्नू ने अजीत, प्रभात, रजनीकांत, निहाल द्वारा नशे की हालत में जबरन मारपीट किये जाने, ग्राम लाहुरीपुर नि. जनवेद ने विपक्षीगणों द्वारा बैनामाशुदा भूमि पर जबरन किये गये कब्जे को हटवाने, निहालपुर नि. शंकरलाल ने दैवीय आपदा, अतिवृष्टि सूची में अंकित होने के बावजूद भी आवास स्वीकृत न किये जाने, ग्राम औरंध नि. संतोष सिंह ने भू-भाग पर विपक्षीगणों द्वारा दबंगई व गुडई के बल पर कब्जा किये जाने, नगला रते नि. पंकज कुमार ने घर के सामने बनी 07 फीट की गली पर किये गये स्थायी अतिक्रमण को हटवाने, ग्राम आलीपुर खेड़ा नि. सुमन लता ने भूमि की पैमाइश कराकर कब्जामुक्त कराये जाने की शिकायत, मांग अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल गुणवत्तापरक निराकरण हेतु उपलब्ध कराया। इस दौरान जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शिवदत्त भदौरिया, उदय चौहान, भूपेन्द्र यादव, अर्जुन चौहान, विशाल बाल्मिकी के अलावा उप जिलाधिकारी अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर सिंह, विद्युत विभाग से लालू जादौन, प्रवेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।



