मैनपुरी(सुवि)प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के खाते में दीपावली पर खुशियों के उपहार स्वरूप सब्सिडी की धनराशि हस्तान्तरित करने, लाभार्थियों को सांकेतिक रूप से सब्सिडी की धनराशि के चेक वितरण कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री, विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री, जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने जनपद के प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी कमरुन निशा, मीना बेगम, मिथलेश, शशि देवी, ममता देवी, रीता देवी, सपना, अंजलि, नजमा बेगम, नीलम, सुनीता, पूजा आदि को सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक उपलब्ध कराये।
कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थी महिलाओं, गैस एजंेसी संचालकों को सम्बोधित करते हुये विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री ने कहा कि केंद्र-प्रदेश सरकार पाई-पाई की कमाई गरीबों के कल्याण, महिलाओं के सशक्तिकरण पर व्यय कर रही है, एकात्ममानववाद के मार्ग पर चल केंद्र-प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान के व्यक्ति तक संचालित योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उसे भी विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य देश-प्रदेश में तेजी से हुआ है, अधिकांश योजनाओं में घर की मुखिया महिला को केंद्र-बिंदु रख योजनाएं संचालित की हैं, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना लागू कर सदियों से धुएं का दंश झेल रही महिलाओं को धुएं से निजात दिलाने का कार्य किया, अगले 15 दिन में देश में उज्ज्वला योजना फेज-03 प्रारंभ होने जा रहा है, जिसके तहत अब तक योजना का लाभ पाने से वंचित पात्र महिलाओं को चिन्हित कर लाभान्वित किया जायेगा। उन्होने कहा कि इस योजना के लागू होने से पूर्व गरीब घर की महिलाएं धुएं के कारण होने वाली बीमारियों से ग्रसित हो जाती थीं, उनकी आंखों, फेफड़ों में गंभीर बीमारियां होने का खतरा बना रहता था लेकिन योजना लागू होने के उपरांत उन्हें काफी आराम मिला, महिलाओं के जीवन में उज्ज्वला योजना उजाला लेकर आई।
विधायक भोगांव ने कहा कि अब तक देश में 50 करोड़ से अधिक गरीब महिलाओं को निःशुल्क गैस सिलेंडर उपलब्ध कराये जा चुके हैं, देश के प्रधानमंत्री ने गरीब महिलाओं के दर्द को समझा, गरीबों का दर्द वही समझ सकता है, जिसने गरीबी का दंश झेला हो, देश के प्रधानमंत्री की माता जी ने चूल्हे पर खाना बनाया, खाना बनाते समय आंसू आते थे, उन आंसुओं को ध्यान में रख उन्होंने देश की माता-बहनों को धुएं से निजात दिलाने के लिए यह योजना संचालित की। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति सुदृढ करने, आत्मनिर्भर बनाने का रास्ता स्वदेशी है, सभी लोग स्वदेशी वस्तुओं को खरीदें, स्वदेशी वस्तुओं की बिक्री बढ़ने से लाखों, करोड़ों मजदूरों को लाभ मिलेगा, देश का पैसा देश में ही रहेगा, जिससे देश की अर्थव्यवस्था में तेजी से सुधार होगा, विदेशी वस्तुओं के प्रयोग से बचें, चीन की झालर सस्ती मिलती है लेकिन एक बार के प्रयोग के बाद खराब हो जाती है, इसलिए सभी स्वदेशी अपनायें।
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह योजना काफी महत्वपूर्ण है, प्रदेश के मुखिया ने आप सबको दीपावली पर गिफ्ट के तौर पर निःशुल्क गैस सिलेंडर मुहैया कराया है ताकि आपको दीपावली पर सिलेंडर खरीदने पर अतिरिक्त व्यय न करना पड़े, आप यह धनराशि अपने त्यौहार में खुशियों पर व्यय कर सकें। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी से कहा कि जनपद के प्रत्येक लाभार्थी को योजना का लाभ मिले, जिन लाभार्थियों के अभी भी बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है, उनके बैंक खाता आधार से लिंक कराने में पूर्ति निरीक्षकों से सहयोग लेकर लिंक करने की कार्यवाही की जाये। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि दीपावली पर जनपद के 01 लाख 64 हजार 563 उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सब्सिडी का लाभ मिलेगा।
जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने कहा कि 01 मई 2016 से अनवरत् रूप से उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र-प्रदेश सरकार ने माता-बहनों को ध्यान में रख तमाम योजनाएं संचालित की है, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना लागू की, जिसमें बेटी की पैदाईश से लेकर बेटी की शिक्षा, स्वास्थ्य, शादी को सरकारी खर्चे पर करने की सुविधा प्रदान की, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों का गठन कर महिलाओं को आत्मनिर्भर, आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य किया, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत महिलाओं को धुएं से निजात दिलाने के लिए निःशुल्क गैस सिलेंडर उपलब्ध कराये जाने की व्यवस्था की गयी, प्रदेश के मुख्यमंत्री ने दीपावली-होली पर लाभार्थी महिलाओं को निःशुल्क गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की, महिलाओं की बुनियादी जरूरतों को ध्यान में रख यह योजना लागू की गयी।
इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा, गैस डीलर्स, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी, पूर्ति निरीक्षक विभाग के अन्य कर्मचारी, डा. विमल पाण्डेय आदि उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी जाकिर हुसैन ने किया।



