मैनपुरी। आज दिनांक 13 अक्टूबर 2025 को मिशन शक्ति फेस-2 में सरकार द्वारा चलाई जा रही योजना के तहत सत्र 2024-25 की बारहवीं क्लास की जनपद टाॅपर कनिष्का राजपूत ने सीबीएसई में 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में डा0 किरन सौजिया स्कूल का परचम लहराया था। भारत सरकार के चल रहे मिशन शक्ति फेस-2 के अन्तर्गत बेटियों आत्म निर्भर स्वावलम्बन, के तहत आज कनिष्का राजपूत को जिलाधिकारी की कुर्सी पर बैठाया गया और बेटी ने बारी-बारी से कई फरियादियों की समस्याएँ सुनीं साथ ही साथ कोतवाल मैनपुरी से बात कर तुरंत समस्या समाधान के आदेश दिये। इसके साथ ही एक पीड़ित महिला ने अपने घर पर हुए कब्जे की शिकायत की तो एक दिन के जिलाधिकारी बनी कनिष्का राजपूत ने एसओ एलाऊ से फोन पर वार्ता कर तुरन्त समस्या के समाधान का आदेश दिया। एक फरियादी ने अपने पैत्रक शस्त्र लाइसेंस को अपने नाम करवाने की प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर अतिशीघ्र नियमानुसार कार्यवाही करने के आदेश दिये।

 

कनिष्का की बड़ी बहन काकुल राजपूत ने भी इंटरमीडिएट में 92.2 प्रतिशत अंक पाकर परिजनों को गौरवान्वित किया। कनिष्का और काकुल की सफलता पर परिजन बेहद खुश हैं। कनिष्का यूपीएससी की तैयारी कर आईएएस बनने का सपना देखती हैं। नगर के किला बजरिया निवासी कनिष्का राजपूत और बड़ी बहन काकुल राजपूत दोनों एक साथ डा0 किरन सौजिया स्कूल में इंटरमीडिएट की छात्रा थीं। कनिष्का राजपूत ने जनपद टाॅप किया। वहीं काकुल ने भी अच्छे अंक हासिल किए। कनिष्का दो बहनें और एक भाई है, छोटा भाई कुशाग्र राजपूत 9वीं का छात्र है। कनिष्का के पिता का वर्ष 2015 में बीमारी के चलते निधन हो गया था। कनिष्का की माँ उनके एक दिन के जिलाधिकारी बनने पर गर्व महसूस करतीं हैं।

 

कनिष्का एक जिलाधिकारी बनने पर डा0 किरन सौजिया स्कूल के चेयरमैन डा0 अशोक कुमार ने कहा कि आज का दिन हमारे विद्यालय व समस्त शिक्षण परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का अद्भुत अवसर लेकर आया है। हमारे विद्यालय की छात्रा कनिष्का राजपूत को एक दिन के लिए जिलाधिकारी नियुक्त किया जाना न केवल हमारे विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धि का प्रमाण है, बल्कि यह उस समर्पण, परिश्रम और आदर्श नेतृत्व का भी प्रतीक है जो हमारे युवा पीढ़ी में उजागर हो रहा है। मैं इसके लिए छात्रा और उनके परिवारीजनों और शिक्षकों को बधाई देता हूँ। एक दिन का जिलाधिकारी होना केवल एक औपचारिक भूमिका नहीं है यह जिम्मेदारी, जनता के प्रति संवेदनशीलता और निर्णय लेने की क्षमता के महत्व को समझने का एक सशक्त अनुभव है। मुझे विश्वास है कि हमारी टाॅपर छात्रा कनिष्का राजपूत ने इस अवसर को जिम्मेदारी से निभाते हुए समाज की सेवा, न्याय और पारदर्शिता के मूल्यों को और अधिक गहराई से महसूस किया होगा। यह अनुभव निश्चय ही उनमें नैतिक साहस और नेतृत्व कौशल को और प्रबल करेगा।

 

विद्यालय की वाइस प्रेसीडेन्ट डा0 किरन सौजिया ने अपने वक्तव्य में कहा कि हमारे विद्यालय का लक्ष्य केवल अंक हासिल करना नहीं है, हमारा उद्देश्य है नैतिकता, सामाजिक जिम्मेदारी और नागरिक चेतना का विकास करना। इस उपलब्धि ने स्पष्ट कर दिया है कि जब बच्चे सही मार्गदर्शन, समर्थन और अवसर पाते हैं तो वे न सिर्फ व्यक्तिगत स्तर पर बल्कि समाज के लिए भी रोल माॅडल बनते हैं। मैं अपने शिक्षकों का आभार व्यक्त करना चाहती हूँ जिन्होंने लगातार प्रेरित कर, मार्गदर्शन कर और कठिन परिश्रम में साथ देकर इस मुकाम तक पहुुंचाया।

 

अंत में विद्यालय के चेयरमैन डा0 अशोक कुमार, वाइस प्रेसीडेन्ट डा0 किरन सौजिया, विद्यालय मैनेजर विद्यांशु सौजिया सहित सभी अध्यापक अध्यापिकाओं ने कनिष्का राजपूत को एक दिन का जिलाधिकारी बनने पर हार्दिक बधाई दीं।