कुं. आर. सी. महिला महाविद्यालय, मैनपुरी में मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत महिला स्वास्थ्य पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और महिला स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर खुलकर चर्चा को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शेफाली यादव जी ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महिला स्वास्थ्य समाज के संपूर्ण विकास से जुड़ा हुआ विषय है और इस पर जागरूकता ही सशक्तिकरण की पहली सीढ़ी है। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता शारीरिक शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष सविता ने महिला स्वास्थ्य पर विस्तारपूर्वक व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि भारत में अधिकतर महिलाएँ एनीमिया यानी रक्ताल्पता की समस्या से ग्रस्त रहती हैं, क्योंकि वे अपने खान-पान पर पर्याप्त ध्यान नहीं देतीं। इस कारण उनके शरीर में हीमोग्लोबिन की मात्रा सामान्य से कम रहती है। उन्होंने छात्राओं को संतुलित आहार लेने, हरी सब्ज़ियों, दालों और आयरन युक्त भोजन को रोज़मर्रा के भोजन में शामिल करने की सलाह दी। उन्होंने माहवारी के दौरान होने वाली शारीरिक और मानसिक समस्याओं पर भी खुलकर चर्चा की और छात्राओं को साफ-सफाई एवं मानसिक संतुलन बनाए रखने के टिप्स दिए।

इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनामिका सिंह और जया सिंह ने भी अपने विचार रखे और छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महिला स्वास्थ्य से जुड़ी अनेक शंकाओं का समाधान भी किया गया।