मैनपुरी(सुवि)प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में आयोजित नारी सुरक्षा-नारी सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए समर्पित मिशन शक्ति-5.0 का शुभारंभ, थानों में नवस्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के उद्घाटन, मिशन शक्ति केंद्रों से संबंधित एस.ओ.पी. की पुस्तिकाओं का विमोचन एवं विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के उपरांत पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि जो समाज, देश महिलाओं को जितनी भागीदारी देगा, वह समाज, देश उसी गति से विकास करेगा। उन्होने कहा कि नारी सशक्तीकरण की दिशा में उठाए गए कदम के फलस्वरूप उ.प्र. में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में तेजी से गिरावट आई है, आज प्रदेश की महिला अपने आपको सुरक्षित महसूस कर रही है, बेटी के जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक, उच्च शिक्षा के पश्चात शादी की जिम्मेदारी, निराश्रित महिलाओं के लिए पेंशन योजना, गर्भवती महिलाओं के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महिलाओं के लिए पिंक शौचालय, प्रत्येक थाने में महिला हेल्प-डेस्क की स्थापना के कारण बालिकाओं-महिलाओं ने काफी राहत महसूस की है, प्रदेश की महिला स्वावलंबन के साथ आर्थिक रूप से तेजी से प्रगति कर रही हैं।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि महिलाओं-बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा केन्द्र-प्रदेश सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता में है, महिलाओं-बालिकाओं को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी बनाने के लिए तमाम योजनाएं संचालित की गयी हैं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित समूहों से जुड़कर महिलाओं की आर्थिक स्थिति में तेजी से सुधार हुआ है, प्रदेश में लखपति दीदी, बी.सी. सखी विकास की अमृत गाथा लिख रहीं हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा केंद्र-प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें बराबरी का दर्जा देने के लिए कृत-संकल्पित है, राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि आज महिला रक्षा, कृषि, इंजीनियरिंग, हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही है, प्रशासनिक सेवाओं में भी बालिकाओं ने कामयाबी हासिल की है, आज की महिला किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं सशक्त होंगी तभी समाज, देश, प्रदेश सशक्त होगा, महिलाओं को सम्मान मिलेगा।
इस दौरान विधायक भोगांव राम नरेश अग्निहोत्री के अलावा जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्याम लता आनंद, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, संयुक्त निदेशक अभियोजन कृष्णधर शुक्ला, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय डा. एस.पी. सिंह, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी दीपिका गुप्ता, उपायुक्त उद्योग उत्कर्ष चन्द्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी हृदय नारायण, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम, जिला युवा कल्याण अधिकारी विकास यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी डा. अवधेश सिंह, राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कु. कीर्ती, कु. शिवानी आदि उपस्थित रहे।