मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने आज विकास खंड जागीर में स्थित क्षेत्रीय सहकारी समिति लि.मि. अजीतगंज का औचक निरीक्षण कर यूरिया वितरण का स्थलीय निरीक्षण करने पर पाया कि समिति पर 300 बैग यूरिया लदा ट्रक मौजूद था, जिसमें से यूरिया के बैग उतारे जा रहे थे, समिति पर कोई भी किसान मौजूद नहीं था, केन्द्र प्रभारी की पत्नी बीमारी के कारण आगरा में भर्ती बतायी गयीं, केन्द्र पर आंकिक भानू प्रताप मौजूद थे, जिनके द्वारा बताया गया कि गत् दि. 25 अगस्त तक नियमित रूप से यूरिया का वितरण किया गया, क्षेत्र में यूरिया को लेकर कोई किल्लत नहीं है, किसानों को समय से यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जा रही है। उन्होने मौके पर उपस्थित आंकिक को निर्देशित करते हुये कहा कि यूरिया वितरण में किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाये, प्रत्येक किसान को टोकन उपलब्ध कराकर यूरिया उपलब्ध करायी जाये, बिना खतौनी के किसी भी व्यक्ति को यूरिया उपलब्ध न करायी जाये, 02-02 बैग से अधिक किसी भी दशा में उपलब्ध न कराये जायें, किसानों से आधार की प्रति प्राप्त करने के बाद ही यूरिया उपलब्ध करायी जाये।
श्री सिंह ने निरीक्षण कर यूरिया की उपलब्धता, वितरण, स्टॉक रजिस्टर का मौके पर जायजा लेते हुये कहा कि किसी भी किसान को उर्वरक प्राप्त करने में असुविधा का सामना न करना पड़े, कोई भी केन्द्र प्रभारी, फुटकर, थोक विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक की धनराशि न वसूले यदि किसी के द्वारा किसानों का शोषण किया जाये तो उनके विरूद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाये। उन्होने गोदाम का निरीक्षण करने पर पाया कि गोदाम में पोटाश पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, चम्बल का 300 बैग यूरिया आज सहकारी समिति पर पहुंचा है, जिसे गोदाम में रखवाया जा रहा था। उन्होने कहा कि उपलब्ध यूरिया का वितरण तेजी से किया जाये, किसी भी कृषक को यूरिया प्राप्त करने में कोई असुविधा न हो, निर्धारित मूल्य पर किसानों को यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जाये।



