मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने किसान दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय ग्रामीण संस्थान कार्यालय सभागार में किसानों की शिकायतें सुनने के दौरान उपस्थित कृषकों से कहा कि किसानों को समय से खाद, बीज की उपलब्धता जिला प्रशासन सुनिश्चित कराएगा, किसानों को खेती करने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, उनकी समस्याओं का सर्वाेच्च प्राथमिकता पर निस्तारण होगा, जनपद की सहकारी समितियों, निजी उर्वरक विक्रेताओं के पास पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हैं इसके साथ ही यूरिया, डी.ए.पी. की रैक सतत् रूप से जनपद को प्राप्त हो रही है, यूरिया एवं डी.ए.पी. उर्वरक की उपलब्धता में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जायेगी, कृषक अपनी जोत भूमि के अनुसार उर्वरक क्रय करें, अनावश्यक भण्डारण न करें तथा फसलों में संस्तुत उर्वरकों का ही प्रयोग करें, किसान उर्वरक खरीदने हेतु आधार कार्ड साथ लेकर जाएं तथा विक्रेता से कैश मेमो अवश्य प्राप्त करें।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में खरीफ-2025 के अन्तर्गत 11088 मै. टन यूरिया, 10083 मै. टन डी.ए.पी. एवं 4868 मै. टन एन.पी.के. उपलब्ध है, जिन्हें उर्वरक विक्रय केन्द्रों पर प्रेषित किया जा रहा है, किसी उर्वरक विक्रेेता द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य की मांग की जाये अथवा उर्वरक के सापेक्ष किसी अन्य गैर प्रचलित उत्पाद को साथ क्रय करने हेतु वाध्य किया जाये तो तत्काल सहायक विकास अधिकारी कृषि, जनपद स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम के मो.न. 7839882674, 7839882673 पर सूचना दें, सम्बन्धित उर्वरक विक्रेता के साथ थोक विक्रेता एवं निर्माता कंपनी के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी, निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि लेने वालों विक्रेताओ पर उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के अन्तर्गत प्रभावी कार्यवाही की जायेगी।
किसान दिवस में ग्राम हवेली नि. वीर बहादुर सिंह ने उसके खेत से विपक्षी द्वारा जबरिया बिना बताये मिट्टी उठाये जाने, ग्राम विरामपुर नि. शीतल सिंह ने माइनर में पानी न आने, साबिर अली ने जागीर फीडर पर रोस्टर के अनुसार विद्युत की आपूर्ति कराये जाने तथा लाइनमैनों की मनमानी को रोके जाने, ग्राम हवेली भाग नारायनपुर नि. वीर बहादुर सिंह ने जन्म प्रमाण बनवाये जाने साथ ही नलकूप पर पाइपलाइन बिछवाने, ग्राम मंछना नि. संतोष कुमार, आनन्द कुमार, कन्हैया शाक्य, राज किशोर, शोभा राम, अवधेश, शिवराम आदि ने तालाब पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाये जाने, ग्राम शिवसिंहपुर नि. बृजेश ने के.सी.सी. ऋण माफ के पश्चात भी बैंक द्वारा धनराशि वसूले जाने, ग्राम सगामई नि. अंजू ने विद्युत चोरी के गलत नोटिस को निरस्त कराये जाने की मॉग अपने प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिस पर उन्होने सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।
किसान दिवस में उप निदेशक कृषि नरेन्द्र कुमार त्रिपाठी, जिला कृषि अधिकारी अविशांक चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, किसान संगठन के पदाधिकारी, कृषक बंधु आदि उपस्थित रहे।



