प्रत्येक पात्र को मिले केन्द्र-प्रदेश सरकार की संचालित लाभार्थीपरक, जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ, पात्रों के चयन में बरती जाये पूरी पारदर्शिता- पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री।

मैनपुरी(सुवि) पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जन-शिकायतें सुनने के दौरान कहा कि जन-शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापरक निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है, इसलिए विभिन्न स्तर से प्राप्त शिकायतों का सम्बन्धित अधिकारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी मान निराकरण करें, शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर विलम्ब न हो, कोई भी अधिकारी अपने यहां शिकायत को लंबित न रखे, भूमि संबंधी विवादों के प्रकरण में पुलिस, राजस्व विभाग की टीम संयुक्त रुप से मौके पर जाकर समस्या का समाधान कराएं, कहीं भी सार्वजनिक, सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा न रहे, गरीब, कमजोर व्यक्ति की भूमि पर कोई भी दबंग काबिज न रहे, भूमि पर अनाधिकृत कब्जा करने वालों विरूद्ध कठोरतम कार्यवाही की जाये।

उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार की संचालित जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे ताकि वह भी सम्मान के साथ अपना जीवन-यापन कर सके, प्रधानमंत्री आवास योजना, शहरी, ग्रामीण, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय योजना का लाभ पाने से कोई पात्र व्यक्ति वंचित न रहे, सभी के पास पक्का मकान हो और उसमें शौचालय भी हो, हर घर नल के माध्यम से स्वच्छ जल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये।

आज जन-सुनवाई के दौरान पर्यटन मंत्री के सम्मुख ग्राम घिटौली नि. बविता ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाये जाने, नगला कुॅआ नि. राम निवास ने गाटा संख्या-816 की पैमाइश कराये जाने, मो. सराउग्यान नि उर्मिला देवी ने कांवड़ यात्रा के दौरान दुर्घटना में घायल शिवम शर्मा को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराये जाने, ग्राम लखनी नि. शिव प्रताप ने लखनीपुर की पुलिया से नगला विहारी तक कच्ची पटरी पर डामरीकरण कराये जाने, ग्राम गम्भीरा नि. कमलेश ने घरौनी में नाम दर्ज कराये जाने, ग्राम फाजिलपुर नि. आदिल कुमार सिंह ने ग्राम पंचायत कोसमा मुसलमीन की गाटा संख्या-1467 से अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, मौजा ईसई मॉझपाटी नि. सुभाष चन्द्र शर्मा, श्रीचन्द्र शर्मा ने गाटा संख्या-913 से दबंग, भू-माफियाओं द्वारा किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, नगला झड़ू नि. राजवीर सिंह ने गाटा संख्या-1984 पर किये गये अवैध कब्जे को हटवाये जाने, ग्राम अम्बरपुर नि. धर्मेन्द्र ने विपक्षीगणों द्वारा निजी भूमि पर कृषि कार्य में अवरोध उत्पन्न करने व जान से मारने की धमकी दिये जाने, ग्राम रैपुरा नि. राजनश्री ने विपक्षीगण द्वारा कृषि कार्य करने से रोके जाने की शिकायत अपने प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल गुणवत्तापरक निराकरण हेतु उपलब्ध कराया।

इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर सिंह, विद्युत विभाग से लालू जादौन, उदय चौहान, शिखर मोहन, अर्जुन चौहान, प्रवेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।