समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। सरकार का दस हजार से ज्यादा प्राथमिक स्कूलों को बंद करने का फैसला बच्चों के भविष्य को तबाह करने वाला है। भाजपा अपने प्रचार पर अरबों रुपया खर्च करती है लेकिन भाजपा सरकार के पास स्कूलों के लिए पैसा नहीं है।

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि स्कूल को बंद करना भाजपा की साजिश का हिस्सा है। परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में गरीब परिवारों के बच्चे पढ़ते है। भाजपा सरकार स्कूल बंद कर गरीबों को शिक्षा से वंचित करना चाहती है। भाजपा के एजेंडे में कभी भी शिक्षा, नौकरी, रोजगार नहीं रहा है। प्रदेश में हजारों की संख्या में स्कूलों को बंद करने का सीधा असर बालिकाओं की शिक्षा पर पड़ेगा। गांव में गरीब परिवार की बच्चियां घरों से दूर कैसे स्कूल जाएगी।

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा प्रदेश के भविष्य को खराब कर रही है। शिक्षा समेत हर क्षेत्र में राज्य को पीछे धकेल रही है। भाजपा चाहती है कि गरीब, पिछड़े, दलित शिक्षा से दूर रहे। अगर वे पढ़ लिख जायेंगे तो भाजपा की गलत नीतियों का विरोध करेंगे और सवाल पूछेंगे। भाजपा सवालों से डरती है। लोगों को शिक्षित करने के बजाय उन्हें अशिक्षित बनाए रखना चाहती है।

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जागरूक जनता भाजपा की चालों को समझ रही है। 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा की शिक्षा विरोधी सरकार को हमेशा के लिए सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगी। समाजवादी पार्टी हर स्तर पर शिक्षा को बेहतर बनायेगी। छात्र-छात्राओं, नौजवानों के उज्ज्वल भविष्य के लिए गुणवत्ता और रोजगार परख शिक्षा को बढ़ाने का काम करेगी।(राजेन्द्र चौधरी)मुख्य प्रवक्ता समाजवादी पार्टी, उत्तर प्रदेश।