मैनपुरी(सुवि) मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कहा कि सभी सम्बन्धित अधिकारी मार्ग दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आपस में समन्वय स्थापित कर कार्य करें, तमाम प्रयासों के बावजूद जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ोत्तरी हो रही है। उन्होंने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण, एन.एच.ए.आई. के अभियंता से कहा कि एक्सप्रेस-वे, हाई-वे, मुख्य मार्ग पर जहां-जहां संपर्क मार्ग जुड़े हैं, उन स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाये जाएं। उन्होने कहा कि सड़क के किनारे कहीं भी गिट्टी, बालू की बिक्री न हो, सड़क की पटरी पर मोरम, गिट्टी की बिक्री करने वालों पर वैधानिक कार्यवाही की जाए, सड़क के किनारे रखी गिट्टी, मोरम के जब्तीकरण की कार्यवाही करें, मुख्य चौराहों के आस-पास कहीं भी सड़क के किनारे अनाधिकृत कब्जे न रहे, अभियान चलाकर मुख्य मार्गाे, चौराहा से अतिक्रमण हटाए जाएं। उन्होने जिला विद्यालय निरीक्षक से कहा कि विद्यालयों में गठित रोड सेफ्टी क्लब के माध्यम से छात्रों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाये, छात्रों के माध्यम से आमजन को भी जागरूक कराया जाये। जनपद में चिन्हित ब्लैक-स्पॉट पर तत्काल साइनेज, साइन बोर्ड लगाए जाएं।

उन्होंने जानकारी करने पर पाया कि माह मई में 66 सड़क दुर्घटनाएं घटित हुईं, जिसमें 43 व्यक्तियों को अपनी जान गवांनी पड़ी जबकि गत वर्ष माह मई में 56 सड़क दुर्घटनाओं में 32 व्यक्तियों को अपनी जान गंवानी पड़ी। ए.आर.टी.ओ. ने बताया कि माह मई तक पुलिस, परिवहन विभाग द्वारा ओवर स्पीड पर 158, बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन चलाने पर 11969, बिना सीट बैल्ट पर 969, रोंग साइड पर 643, मोबाइल का प्रयोग करने पर 162 तथा ओवर लोडिंग पर 164, शराब पीकर वाहन का संचालन करने पर 13 व्यक्तियों के विरूद्ध कार्यवाही की गयी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण ने बताया कि जनपद में चिन्हित 06 ब्लैक स्पॉट के सापेक्ष 02 पर मरम्मत, साइनेज का कार्य कराया जा चुका है, शेष के ऑगणन शासन स्तर पर बजट आवंटन हेतु लंबित हैं।

इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण ए.के. अरूण, सहायक विद्यालय निरीक्षक रघुराज पाल सिंह, विभिन्न विद्यालयों के प्रबन्धक आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी शिवम यादव ने किया।