लाभार्थीपरक, जन-कल्याणकारी योजना का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मिले, परिवार रजिस्टर की नकल प्राथमिकता पर करायी जाये उपलब्ध- जिलाधिकारी।
मैनपुरी(सुवि)संम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील घिरोर मे जन-समस्याएं सुनने के दौरान जब जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के सम्मुख अटा हरेना नि. राकेश कुमार, गणेश कुमार ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि ग्राम पंचायत सचिव गिर्राज सिंह व संतोष कुमार के विरूद्ध परिवार रजिस्टर में छेड़छाड़ करने पर प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश हुए थे लेकिन अभी तक दोषियों के विरुद्ध कोई कार्यवाही नहीं की गयी, शिकायतकर्ता ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही करने की मांग की, जिस पर उन्होंने खंड विकास अधिकारी घिरोर को उक्त प्रकरण की गहनता से जांच कर दोषी पाए जाने पर प्रभावी कार्यवाही हेतु निर्देशित करते हुये कहा कि किसी भी व्यक्ति को परिवार रजिस्टर की नकल प्राप्त करने में असुविधा का सामना न करना पड़े, संचालित जन-कल्याणकारी, लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ पात्रों को आसानी से मिले, किसी भी फरियादी को योजना का लाभ पाने, अपनी समस्या का निदान कराने में बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होने विद्युत विभाग से सम्बन्धित प्राप्त शिकायतों पर कहा कि विद्युत विभाग के कारण किसी भी उपभोक्ता को परेशान न होना पड़े, बिलिंग व्यवस्था सुधार के साथ नया कनेक्शन प्राप्त करने में किसी भी व्यक्ति को कठिनाई न हो, गर्मी के मौसम में विद्युत आपूर्ति सुचारू रखी जाये, अकारण रोस्टिंग के कारण उपभोक्ताओं को असुविधा न हो सुनिश्चित किया जाये।
श्री सिंह ने अवैध कब्जों की शिकायतों पर कहा कि राजस्व, पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर भूमि सम्बन्धी विवादों का निपटारा कराएं, अनाधिकृत कब्जा करने वालों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही हो, अधिकारी जन-शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण करें, निस्तारण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाये, शिकायत के निस्तारण के उपरांत शिकायतकर्ता से वार्ता करने व उसके संतुष्ट होने के उपरांत ही निस्तारण आख्या भेजी जाये, किसी भी दशा में शिकायती पत्र कार्यालय में लंबित न रखा जाये।
आज आयोजित सम्पूंर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील घिरोर के दूर-दराज ग्रामीण अंचलों से आये 66 शिकायतकर्ताओं ने अपनी शिकायतें जिलाधिकारी के सम्मुख प्रस्तुत कीं, जिसमें से 08 शिकायतों का मौके पर निराकरण कर तत्काल फरियादियों को राहत प्रदान की, शेष को सम्बन्धित अधिकारियों को पृष्ठाकिंत कर प्रभावी कार्यवाही हेतु आदेशित किया। ग्राम अकबरपुर औंछा नि. सुघर सिंह, खिरिया नि. राकेश, कैरावली नि. यशेन्द्र कुमार, नगला रथी नि. विनोद कुमार, नगला बख्शी नि. कलेक्टर सिंह ने खेत, चकमार्ग की पैमाइश, अनाधिकृत कब्जा हटवाये जाने, कल्होर पछां नि. सुखवासी ने पट्टे की भूमि पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने की मांग अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की।
सम्पूंर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक ने तहसील परिसर में वृक्षारोपण अभियान के तहत पीपल के पौधे रोपित किये। इस दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी संजय कुमार मल्ल, उप जिलाधिकारी घिरोर प्रसून कश्यप, क्षेत्राधिकारी कुरावली सच्चिदानन्द, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, परियोजना निदेशक सतेंद्र कुमार, उप कृषि निदेशक नरेंद्र त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक रामचंद्र शाहा, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



