समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा का चरित्र अलोकतांत्रिक है। इसका आचरण अधिनायकवादी है। भाजपा भारतीय संविधान के लिए चुनौती बन गयी है। भाजपा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अराजकता पैदा करना चाहती है।

समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में डॉ0 राममनोहर लोहिया सभागार में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं और नेताओं को सम्बोधित करते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के हर विभाग में भ्रष्टाचार और घोटाला है। हर कार्य में लूट है। कानून-व्यवस्था ध्वस्त है। दिन दहाड़े हत्या और लूट की घटनाएं हो रही है। महिलाओं, बच्चियों के साथ बलात्कार और हत्या की घटनाएं बढ़ती जा रही है। सरकार कानून व्यवस्था संभालने में विफल है भाजपा के नेता और कार्यकर्ता खुद अराजकता पर उतारू है। जिलों-जिलों में सरकारी और गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। भाजपा भू-माफिया पार्टी बन गयी है। इस सरकार ने जनता के हित और प्रदेश के विकास के लिए कोई काम नहीं किया। पूरी सरकार लूट-खसोट में लगी है।

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने यूपी को विकास का विजन दिया है। प्रदेश में एक्सप्रेस-वे बनाए, शहरों में मेट्रो रेल चलाई। अन्तर्राष्ट्रीय स्टेडियम और पार्क बनाएं, महिला सुरक्षा के लिए वीमेन पावर लाइन 1090 सेवा शुरू की। बिजली उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए पावर प्लांट लगाएं। आज प्रदेश में बिजली की मांग 32 हजार मेगावाट तक पहुंच गयी है। बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है लेकिन भाजपा सरकार ने आठ साल के कार्यकाल में एक भी यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं बढ़ाया। भाजपा नकारात्मक राजनीति करती है। विपक्षी नेताओं की छवि खराब करने के लिए अभियान चलाती है। निदोर्षों पर फर्जी मुकदमें लगाकर प्रताड़ित और परेशान कराती है। प्रदेश में गौशालाओं में गायों की दुर्दशा है। सरकार बताए की गौशालाओं में गायों की संख्या कितनी है। सरकार बताए कि उसने गौशालाओं को कितना बजट दिया।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय, अत्याचार, चरम पर है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता 42 डिग्री से ऊपर के तापमान में भी पूरे उत्साह और मेहनत के साथ प्रदेश भर में भाजपा की गलत नीतियों के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी जनता जर्नादन की इच्छाओं का सम्मान करती है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा से हर स्तर पर लड़ाई लड़ रहे हैं। प्रदेश की जनता भाजपा के अन्याय, अत्याचार को अब और सहने को तैयार नहीं है। 2027 में प्रदेश में भाजपा का सफाया होगा और समाजवादी पार्टी की सरकार बनना तय है।
इस अवसर पर नेता विरोधी दल विधानसभा श्री माता प्रसाद पाण्डेय, राज्यसभा सदस्य श्री जावेद अली, सांसद श्री आरके चौधरी, राष्ट्रीय सचिव श्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम लाल पाल, पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री रविदास मेहरोत्रा, पूर्व सांसदगण श्री विशम्भर प्रसाद निषाद, श्री विजेन्द्र सिंह, श्री अरविन्द कुमार सिंह, श्री जगदीश कुशवाहा, विधायक श्री प्रदीप यादव, श्री आशु मलिक, श्री राम आसरे विश्वकर्मा, पूर्व एमएलसी श्री बासुदेव यादव, श्री काशीनाथ यादव समेत बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। (राजेन्द्र चौधरी)I मुख्य प्रवक्ता



