मैनपुरी(सुवि)भीषण गर्मी में विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुचारू रखी जाए, अकारण रोस्टिंग न हो, केबिल, तार के कारण किसी भी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित न हो, खराब ट्रांसफार्मर सर्वाेच्च प्राथमिकता पर बदले जाएं, नगर निकाय, ग्राम पंचायत आम-जन को मूल-भूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में कोताही न बरतें, नगर के मुख्य चौराहों, सार्वजनिक स्थानों, बस स्टैंड आदि पर आम-जन हेतु पीने के स्वच्छ पानी की व्यवस्था रहे, नगर निकाय भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर वाटर कूलर स्थापित करायें, प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले, पात्रों के चयन में पूरी पारदर्शिता बरती जाए, अधिकारी, कर्मचारी संवेदनशील रहकर आम-जन को राहत पहुंचाने की दिशा में कार्य करें, फरियादियों की समस्याओं का त्वरित निदान हो, कहीं भी सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जे न रहे, भूमि संबंधी विवादों का निपटारा सर्वाेच्च प्राथमिकता पर किया जाए, किसी भी समस्या को लेकर कानून व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो, सामुदायिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध रहें, गर्मी के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव हेतु सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुकम्मल व्यवस्था रहे, स्वास्थ्य केंन्द्रांे पर आने वाले मरीजों को बैठने के साथ पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए, मरीजों के साथ चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी मृदुल व्यवहार कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करें।

उक्त निर्देश पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने ट्रांजिस्ट हॉस्टल में जन-समस्याएं सुनने के दौरान संबंधित अधिकारियों को दिए। जन-सुनवाई के दौरान पर्यटन मंत्री के सम्मुख नटराज होटल वाली गली नि. अरुण ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि मुहल्ले में आर.डी.एस.एस. योजना के अंतर्गत डाली गई विद्युत केबिल की गुणवत्ता बेहद खराब है, केबिल बार-बार टूट कर गिर रही है, जिस कारण भीषण गर्मी में विद्युत की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, पूर्व की केबिल वर्तमान में डाली गई केबिल से काफी बेहतर थी, नई केबिल मानक के अनुसार नहीं है, जिस पर उन्होंने शिकायती प्रार्थना पत्र को मुख्य अभियंता वितरण फिरोजाबाद को पृष्ठाकिंत कर निर्देशित किया कि केबिल की गुणवत्ता की जांच करें यदि केबिल की गुणवत्ता मानक के अनुरूप न हो तो संबंधित फर्म के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करना सुनिश्चित करें, मु. संत नगर कुरावली नि. आमोद कुमार ने अपने प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि मुहल्ले में पानी की समस्या है, शिकायकर्ता ने मुहल्ले में नगर पंचायत से वाटर कूलर लगवाये जाने की मांग की, जिस पर उन्होने अध्यक्ष, अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत कुरावली को आवश्यकता के आधार पर कार्यवाही करने हेतु आदेशित किया, ग्राम अचलपुर औंछा नि. सत्येन्द्र सिंह ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि ग्राम धारऊ की गाटा संख्या-278 की जमीन दुखहरण, आनन्द मोहन व विशाल ने राज्य सरकार से लीज पर ली थी फिर कुछ समय बाद दस्तावेजों में हेरा-फेरी कर भूमि अपने नाम अंकित कराकर बेच दी, जो गैर कानूनी है, इस पर उन्होने उप जिलाधिकारी सदर को प्रकरण की जांच कर प्रभावी कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।

ग्राम नगला नधा नि. उपदेश ने कोटा डीलर सज्जन सिंह द्वारा निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न उपलब्ध कराने, कुसमरा नि. बालगोविंद शुक्ला ने वंजर भूमि पर किये गये अवैध कब्जे को हटवाने, अरमसराय नि. खुशबू ने दबंगांे द्वारा घर में घुसकर जातिसूचक गाली दिये जाने व मारपीट करने, ग्राम निजामपुर नि. जबर सिंह ने दबंगों द्वारा क्षेत्रीय लेखपाल करणवीर सिंह से मिलकर पट्टे की भूमि पर अनाधिकृत कब्जा किये जाने, समदपुर रठेह नि. समोद ने निजी भूमि पर निर्माण कार्य में विपक्षियों द्वारा अवरोध उत्पन्न करने, ग्राम ईसई महलोई नि. प्रदीप कुमार ने गाटा संख्या-1137 पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाये जाने की शिकायत अपने प्रार्थना पत्र के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल गुणवत्तापरक निराकरण हेतु उपलब्ध कराया।

जन-सुनवाई के दौरान उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, प्र. निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर भदौरिया के अलावा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, अनुजेश प्रताप सिंह, उदय चौहान, संजय चौहान, अमित गुप्ता, लालू जादौन, अर्जुन चौहान, प्रवेश शर्मा सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।

——————————————————