मैनपुरी(सुवि)अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, डिप्टी कलेक्टर राम नारायण वर्मा के स्थानातंरण होने के फलस्वरूप आयोजित विदाई समारोह को सम्बोधित करते हुये जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि अपर जिलाधिकारी के रूप में जनपद में अपने कार्यकाल में लोकसभा, विधानसभा सामान्य निर्वाचन, उप निर्वाचन के अलावा स्थानीय निकाय, त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन को सकुशल, निष्पक्ष संपन्न कराने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि जब में जनपद में आया मेरे सामने विधानसभा क्षेत्र करहल के उप निर्वाचन की चुनौती थी और उस समय उप जिला निर्वाचन अधिकारी के दायित्वों का निर्वहन कर रहे राम जी मिश्र को पूरी उम्मीद थी कि निर्वाचन प्रक्रिया से पूर्व ही उनका स्थानांतरण हो जाएगा, मैने आश्वस्त किया कि उप निर्वाचन की प्रक्रिया आपको ही करानी है। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवा में हम सबके ऊपर कुछ न कुछ दायित्व हैं और उन दायित्वों का निर्वहन करने में किसी स्तर पर गलती हो सकती है, लेकिन उद्देश्य सही होना चाहिए। उन्होने कहा कि कई बार अधिकारी और मानव होने में टकराव होता है लेकिन लंबे अनुभव के बाद ऐसा महसूस हुआ कि आदमी के अंदर अधिकारी और मनुष्य ऐसे होने चाहिए जब एकांत में अधिकारी से अंदर का मानव मिले तो वह उसे शर्मिंदा न होना पड़े, यह संतुलन साधना बहुत कठिन है, जीवन में भी ऐसे क्षण कई बार आए, जब एक अधिकारी के रूप में मैंने किसी को कठोर शब्द कहे लेकिन एक मनुष्य होने के नाते जब मैंने सोचा तो हमेशा मुझे इसका पश्चाताप हुआ। उन्होंने कहा कि यह खासियत अपर जिलाधिकारी के अंदर थी, मैंने इन्हें कभी भी किसी से कटु-शब्द बोलते हुए नहीं सुना, सभी वक्ताओं ने उनके सरल स्वभाव, व्यक्तित्व की प्रशंसा की।

IMG 20250518 WA0013

श्री सिंह ने कहा कि शासकीय सेवा में स्थानांतरण एक आवश्यक प्रक्रिया है और इससे प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी को गुजरना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अपर जिलाधिकारी अत्यंत मृदुभाषी, व्यवहार-कुशल एवं प्रशासनीय सेवा की क्षमता रखने में निपुण है, आप जहां भी रहेंगे उस विभाग को अपनी कार्य क्षमता के बल पर विभागीय योजनाओं, कार्यक्रमों का क्रियान्वयन समयबद्ध, प्रभावी ढंग से कराकर विभाग को शिखर तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने कहा कि ए.डी.एम. साहब का लंबा कार्यकाल जनपद में रहा, उन्होने पूरी टीम भावना के साथ कार्य किया, लंबे प्रशासनिक कार्यों के अनुभव का फायदा सभी सहयोगी अधिकारियों, कर्मचारियों को मिला। उन्होंने कहा कि अपर जिलाधिकारी अपने दायित्वों के साथ राष्ट्रीय, अन्तर्राष्ट्रीय खबरांे के प्रति हमेशा अपडेट रहते थे, निर्वाचन के समय भी प्रत्येक कार्य पूरे निष्ठा के साथ कर निर्वाचन प्रक्रिया को सफल, शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने में अपना योगदान दिया।

स्थानान्तरित हुये अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र ने कहा कि जिलाधिकारी के नेतृत्व में 08 माह के कार्यकाल में बहुत कुछ सीखने को मिला, मेरे शब्दों में यह अल्प कार्यकाल नहीं बल्कि जीवन का सबसे बड़ा कार्यकाल आपके सानिध्य में बीता। उन्होने कहा कि जनपद में सामान्य, उप निर्वाचनों को सकुशल सम्पन्न कराने में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अधीनस्थ अधिकारियों, कर्मचारियों का पूर्ण सहायोग मिला, जिसके फलस्वरूप हमनें कई निर्वाचन शांतिपूर्ण सम्पन्न कराये। उन्होने कहा कि जब हमारे सामने कोई राजस्व कर्मी कहता है कि उसके पिताजी भी राजस्व कर्मी थे, तो निराशा होती है कि 30 साल में हमने कोई प्रगति नहीं की, आगे आने वाली पीढ़ी यदि हमसे बेहतर नहीं होगी तो हमारा परिचय देने वाला काई नहीं होगा। उन्होने कहा कि बड़े जनपदों के कार्य की अलग परिस्थितियां होती है, जनपद में सेवा देना हमेशा चुनौतियों से भरा रहा है। अपर जिलाधिकारी न्यायिक ज्ञानेश्वर प्रसाद, डिप्टी कलेक्टर धु्रव शुक्ला, नीरज द्विवेदी, गोपाल शर्मा, संध्या शर्मा, आपदा विशेषज्ञ अंकिता सक्सेना, नाजिर रोहित दुबे, एल.बी.सी. वीरेश पाठक ने भी अपने विचार व्यक्त किये, कार्यक्रम का संचालन वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने किया।

इस दौरान जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन अंसारी, ए.आई. स्टांप पवित्र कुमार, एस.ओ.सी. चकबंदी भूपेन्द्र कुटियाल, डी.जी.सी. सुधाकर मिश्रा, प्रशासनिक अधिकारी हरेंद्र सिंह, ई-डिस्ट्रिक मैनेजर सौरभ पाण्डेय, कलेक्ट्रेट अनुभाग के विभिन्न अनुभाग प्रभारी, अनिल कुमार सक्सेना, प्रभाकर गंगवार, रमेश तोमर, प्रदीप कुमार, अनुज कुमार, सत्येंद्र कुमार, अवनीश दुबे, ओमकार शर्मा, श्रीकृष्ण, राहुल, सौम्य वर्धन, ममता यादव, अमित दुबे के अलावा नगर निकाय प्रतिनिधि, उद्यमी, पत्रकार बंधु आदि उपस्थित रहे