समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी, प्रदेश मुख्यालय लखनऊ के डॉ0 राममनोहर लोहिया सभागार में बुधवार को प्रदेश के विभिन्न ज़िलों से आए कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया। उन्होंने सेना के जवानों की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारतीय सेना सबसे मजबूत, सशक्त और बहादुर है। हम सभी को अपनी सेना की बहादुरी पर गर्व है।
इस अवसर पर श्री अखिलेश यादव ने देश की प्रतिरक्षा सुरक्षा में राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल धौलपुर के योगदान की तारीफ करते हुए कहा कि यह परंपरा देश की आजादी से लेकर निरंतर चल रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सच्चे देशप्रेमियों की, जो अनंत गौरवशाली परंपरा स्वतंत्रता सेनानियों से लेकर आज तक रही है, उसके आधार पर हमारी माँग है कि, उत्तर प्रदेश के लखनऊ, सहारनपुर, कन्नौज, इटावा, वाराणसी, संत कबीरनगर जिले में नये मिलिट्री स्कूल खोले जाएं, जिससे हमारे देश की अखंडता और एकता को चुनौती देने वाली ताक़तों को सही में निर्णायक जवाब दिया जा सके।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि आशा है कि वर्तमान संवेदनशील सामरिक परिस्थितियों को देखते हुए सरकार इस पर गंभीरता से विचार करेगी और देशहित को देखते हुए, उत्तर प्रदेश में मिलिट्री स्कूलों की स्थापना की तत्काल घोषणा करेगी।
उल्लेखनीय है कि श्री अखिलेश यादव राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल धौलपुर के स्टूडेंट रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां चलती आई है महान परंपरा वीरता की, वहां हम सबको सीख मिलती है शूरता-शीलता की। उन्होंने कहा कि हम सब ने अपने आदर्श वाक्य ‘शीलम परम भूषणम्‘ से देशभक्ति अनुशासन और पराक्रम के सीन चरित्र का बीज मिलने वाले राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल धौलपुर का देश की प्रतिरक्षा सुरक्षा में अभूतपूर्व योगदान रहा है, यह परंपरा देश की आजादी से लेकर आज तक निरंतर है।
इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री राजेंद्र चौधरी, विधायकगण श्री समर पाल सिंह, हिमांशु यादव एवं तसलीम अहमद, पूर्व सांसद एस.टी. हसन, पूर्व सांसद श्री अरविन्द सिंह, पूर्व एमएलसी डॉ. मधु गुप्ता, श्री रामवृक्ष यादव, श्री जावेद आब्दी एवं श्री सलामतुल्ला समेत अन्य लोग मौजूद रहे।(राजेन्द्र चौधरी)मुख्य प्रवक्ता



