मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, मा. मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों में माह मार्च में खराब प्रगति वाले विभागों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आदेशित करते हुये कहा कि माह अपै्रल के अंत तक जिन योजनाओं की प्रगति संतोजनक नहीं है, उनमें प्रत्येक दशा में सुधार लाया जाए, माह अप्रैल में प्रत्येक विभाग की योजना में सी.एम. डैशबोर्ड पर 10 में से 10 अंक मिले, सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लाभार्थीपरक योजना का लाभ पाने के लिए किसी भी विभाग में कोई आवेदन पत्र लंबित न रहे, प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ मिले, निर्माणाधीन परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर संबंधित विभाग को हैंडोवर किया जाए, निर्माण कार्यों में मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि यदि माह के अंत तक मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर योजनाओं की प्रगति में सुधार न हुआ अथवा निर्माणाधीन कार्यों में मानकों की अनदेखी की गई तो संबंधित का उत्तरदायित्व निर्धारित कर कठोरतम कार्यवाही होगी।

श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, फैमिली आई.डी., नयी सड़कों के निर्माण में डी.-श्रेणी, निपुण परीक्षा ऑकलन, अनुसूचित जाति दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना में सी.-श्रेणी में चल रहा है, संबंधित विभाग के अधिकारी इस ओर ध्यान दें और अपने विभागों की संचालित योजनाओं की प्रगति सुधार कर इन योजनाओं को ए-कैटेगरी, 10 में से 10 अंक लाने के प्रयास करें, इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन फेज-2, निपुण परीक्षा ऑकलन, मध्यान्ह भोजन एवं छात्रों की उपस्थिति, निराश्रित महिला पेंशन, अनुसूचित जाति, दशमोत्तर छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में भी सुधार की गुंजाइश है। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि फैमिली आई.डी. की प्रगति में सुधार नहीं हो पा रहा है, अभी 67910 के सापेक्ष मात्र 18014 फैमिली आई.डी. बनी है, जिस कारण सी.एम. डैशबोर्ड पर 10 में से मात्र 04 अंक मिले हैं, फैमिली आईडी में सबसे खराब प्रगति विकास खंड घिरोर, जागीर, किशनी, सदर की है, सम्बन्धित अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर फैमिली आईडी की प्रगति सुधारें।

बैठक में जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. शौकत अली, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. सत्येंद्र कुमार, उप निदेशक कृषि नरेन्द्र कुमार त्रिपाठी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण ए.के. अरूण, जिला पंचायत राज अधिकारी अवधेश सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, उपायुक्त उद्योग उत्कर्ष चन्द्र, अधिशाषी अभियंता जल निगम अंकित यादव, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रंजना शुक्ला, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ए.के. शुक्ला ने किया।