
मैनपुरी (सूवि)जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 की मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं स्वतंत्र माहौल में संपन्न कराने हेतु तैनात सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट के साथ बैठक में कहा कि सभी सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट आगामी 03 दिन तक कड़ी मेहनत करें, निरंतर अपने-अपने जोन, सेक्टर का भ्रमण कर अपने अधीन मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं यदि कहीं कोई कमी हो तो क्षेत्र के किसी भी सरकारी कर्मी, सामाजिक व्यक्ति का सहयोग लेकर उसे दूर करायें। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान क्षेत्र के मतदाताओं से प्रत्येक दशा में संवाद कर फीडबैक लिया जाए यदि किसी सेक्टर, जोन में किसी अन्य जनपद के व्यक्ति मौजूद हों तो उन्हें तत्काल जनपद से बाहर भेजा जाए, यदि कहीं किसी प्रकार की गड़़वड़ी की आशंका हो तो तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी कार्यवाही की जाए, 18 फरवरी का पूरा दिन सभी सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट अपने-अपने जोन, सेक्टर में व्यतीत करें।
श्री सिंह ने कहा कि 19 फरवरी को पार्टी रवानगी स्थल कृषि उत्पादन मंडी समिति पर प्रत्येक दशा में प्रातः 08 बजे पहुंचकर अपने-अपने सेक्टर के मतदान कार्मिकों की जानकारी करें, उनसे संपर्क कर उन्हें निर्वाचन सामग्री, ईवीएम उपलब्ध कराकर सभी कार्मिकों से मतदान सामग्री का मिलान करायें, यदि किसी पार्टी में माइक्रा ऑब्जर्वर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट हों तो उन्हें भी पार्टी के संग निर्धारित वाहन में बिठाकर भेजें, सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने सेक्टर के वाहनों की भी जानकारी करें, वाहन के ड्राइवर का मोबाइल नंबर अपनी डायरी में अंकित करें, मंडी से सभी पार्टी प्रस्थान होने के उपरांत कोषागार से कार्मिकों को मिलने वाले मानदेय की धनराशि प्राप्त करें, तदोपरांत पुलिस लाइन से जाकर वायरलेस सेट, सेक्टर पुलिस अधिकारी को लेकर तहसील मैनपुरी के वेयरहाउस पहुंचकर रिजर्व ईवीएम प्राप्त करने के उपरांत अपने सेक्टर में जाकर पार्टी के पहुंचने की जानकारी करें और उन्हें मानदेय उपलब्ध कराकर निरंतर अपने-अपने बूथों का भ्रमण करते रहें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट अपने-अपने सेक्टर, जोन मुख्यालय पर ही रात्रि विश्राम करें, उपलब्ध करायी गयी ईवीएम की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें, अपने मोबाइल का नेट हमेशा खुला रखें, आपके मोबाइल ऐप के माध्यम से जीपीएस सिस्टम से लोकेशन की जानकारी की जाएगी, ईवीएम ट्रैकिंग सिस्टम से ईवीएम की लोकेशन की जानकारी होगी। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन यानि 20 फरवरी को प्रातः 04 बजे से सभी जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने जोन, सेक्टर में क्रियाशील रहकर अपने अधीन प्रत्येक बूथ पर प्रत्येक दशा में प्रातः 06.30 बजे तक मॉक-पोल की प्रक्रिया अवश्य पूर्ण करा लें और ठीक 07 बजे मतदान प्रक्रिया प्रारंभ कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट से कहा कि आगामी 03 दिन बेहद महत्वपूर्ण है, सभी सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट निरंतर भ्रमणशील रहकर कार्य करें, कल यानि 18 फरवरी को सायं 06 बजे से प्रचार समाप्त हो जाएगा, सभी सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र में 18 फरवरी को सांय 06 बजे के बाद कोई रैली, जुलुस, जनसभा आयोजित न हो, 18 फरवरी की सायं 06 बजे के बाद किसी भी क्षेत्र में, किसी अन्य जनपद का कोई व्यक्ति मौजूद न रहे, जिला प्रशासन द्वारा भी जनपद के होटल, धर्मशाला, मैरिज होम आदि स्थानों की सघन चेकिंग कराई जा रही है।
श्री सिंह ने कहा कि निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारी, कर्मचारी निष्पक्ष रहकर सख्ती के साथ नियमों का पालन कराएं, कोई भी व्यक्ति किसी भी मतदाता को डराने, धमकाने, मतदान प्रक्रिया से रोकने की जुर्रत न करे,ं किसी भी प्रत्याशी का बस्ता मतदान केंद्र की 200 मीटर की परिधि के भीतर न लगे, बस्ते पर भीड़ एकत्र न हो, 200 मीटर की परिधि में कोई अनाधिकृत व्यक्ति प्रवेश न करें, किसी भी मतदाता को अपना मताधिकार करने में कोई असुविधा न हो सुनिश्चित किया जाए, मतदान समाप्त होने यानि 20 फरवरी को सायं 06 बजे किसी मतदान केन्द्र पर लम्बी कतार लगी हो तो सम्बन्धित सेक्टर मजिस्ट्रेट उसी मतदान केन्द्र पर मौजूद रहकर मतदान प्रक्रिया को सम्पन्न करायें, सेक्टर से प्रत्येक टीम के रवाना होने के उपरांत ही सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट अपने सेक्टर जोन को छोड़ें और सीधे कृषि उत्पादन मंडी समिति पहंुचकर अपनी-अपनी पोलिंग पार्टी की निर्वाचन सामिग्री, ईवीएम, वीवीपैट जमा करायें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, संयुक्त निदेशक अभियोजन डी.के. मिश्रा, परियोजना निदेशक के.के. सिंह, आचार्य टीईपी सेंटर धीरेन्द्र कुमार यादव, उप कृषि निदेशक डी.वी. सिंह, डिप्टी कमिश्नर वाणिज्यकर उत्तम तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा सहित जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में नामित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



