उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी संयुक्त रूप से अपने-अपने क्षेत्र के होलिका दहन वाले स्थलों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं समय से करायें सुनिश्चित- अंजनी कुमार।

होली, नवरात्रि, ईद-उल-फितर के पर्व पर निर्वाध जलापूर्ति, विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो, साफ-सफाई के किए जाएं बेहतर प्रबंध -जिलाधिकारी।

मैनपुरी(सुवि) जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में उपस्थित विभिन्न समुदाय के धर्मगुरुओं, संभ्रांत व्यक्तियों को होली, नवरात्रि, ईद-उल-फितर की अग्रिम बधाई देते हुए कहा कि हमारा जनपद बृज क्षेत्र में है, इस क्षेत्र में बरसाने की होली काफी मशहूर है। उन्होने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन हर सम्भव प्रयास करेगा कि किसी भी नागरिक को मूल-भूत सुविधाएं प्राप्त करने में कोई असुविधा न हो, शहरी, ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली की आपूर्ति होगी, नगर निकायों में साफ-सफाई के बेहतर इंतजाम किए जाएंगे, जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित होगी, ग्रामीण क्षेत्रों में भी साफ-सफाई के बेहतर प्रबन्ध रहेंगे। उन्होने कहा कि सभी लोग अपने धार्मिक रीति-रिवाज से एक दूसरे का सम्मान करते हुए अपने त्यौहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में उमंग, उत्साह, खुशी के साथ मनाकर जनपद की परंपरा को कायम रखें।

श्री सिंह ने ने उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, प्रभारी निरीक्षकों, थानाध्यक्षों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्र के होलिका दहन वाले स्थानों का संयुक्त रूप से निरीक्षण कर समय से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करायें, सकरी गलियों में जहां होलिका दहन होना है, वहां सावधानी के तौर पर आग बुझाने के मुकम्मल इंतजाम रहें। उन्होंने कहा कि होली के दिन ही जुमे की नमाज अदा की जायेगी, यद्यपि यह जनपद आपसी एकता, अखंडता के लिए प्रदेश में अपना अलग स्थान रखता है फिर भी होली के दिन जुमे की नमाज के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होने कहा कि नगरीय क्षेत्र में उप जिलाधिकारी एवं ग्रामीण क्षेत्र में खंड विकास अधिकारी नेतृत्व देकर त्योहारों पर आमजन को बेहतर मूल-भूत सुविधाएं मुहैया कराने में योगदान दें।

जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को आदेशित करते हुए कहा कि 13 मार्च तक प्रत्येक राशन कार्ड धारक को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करायें, अधिशासी अभियंता विद्युत आगामी त्योहारों पर निर्वाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें, जहां कहीं भी विद्युत तार-पोल झुके, ढीले हों, उन्हें प्राथमिकता पर ठीक करायें, त्यौहारों के दिन विद्युत आपूर्ति किसी भी दशा में बाधित न हो, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण होलिका दहन, ईदगाह, मस्जिद वाले ऐसे मार्ग जो क्षतिग्रस्त हैं, उन्हें तत्काल मरम्मत कराकर ठीक करना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी नगर निकायांे को निर्देशित करते हुए कहा कि त्योहारों के अवसर पर साफ-सफाई के मुकम्मल इंतजाम रहें, होलिका दहन वाले स्थानों, ईदगाहांे, मस्जिदों के आसपास सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए, होली के दिन कम से कम 03 बार जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, स्ट्रीट लाइट चालू दशा में रहें। उन्होने सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, क्षेत्राधिकारी यातायात, यातायात प्रभारी को आदेशित करते हुये कहा कि होली के दिन बाइकर्स पर निगरानी रखें, होली के दिन कुछ युवाओं द्वारा बाइकों पर स्टंट की घटनाएं होती हैं, त्यौहारों पर किसी की गलती से कोई दुर्घटना घटित न हो, इसलिए ओवर स्पीड, स्टंट करने वालों पर प्रभावी कार्यवाही करें।

पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने कहा कि जनपद का इतिहास सौहार्दपूर्ण रहा है, यहां सभी धार्मिक पर्व आपसी मेल-मिलाप के साथ आयोजित होते रहे हैं, आगामी त्यौहार भी आप सब सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाकर इस जनपद की गौरवमयी परम्परा को कायम रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक आयोजन में कोई नई परंपरा न पड़े, कोई भी व्यक्ति ऐसा कृत्य न करें, जिससे किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचे, किसी के द्वारा हुडदंग न मचाया जाए, थानाध्यक्ष, क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखें।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनिल कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, उप जिला अधिकारी सदर, करहल, भोगांव, किशनी, कुरावली, घिरोर, अभिषेक कुमार, नीरज कुमार द्विवेदी, संध्या शर्मा, गोपाल शर्मा, राम नारायण, प्रसून कश्यप, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, अधिशाषी अधिकारी नगर निकाय, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. मदन लाल, जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन अंसारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी शिवम यादव, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण ए.के. अरुण सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारियांे के अलावा विभिन्न समुदाय के धर्मगुरू, गणमान्य व्यक्ति आदि उपस्थित रहे।