मैनपुरी(सुवि) आज जन-सुनवाई के दौरान जब जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के सम्मुख जब ग्राम प्रधान गंागसी संदीप कुमार ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि ग्रामसभा की भूमि गाटा संख्या-1591/0.255 हे. पर दबंग व्यक्तियों द्वारा अपने क्षेत्रफल से अधिक भूमि पर राजस्व कर्मियों की शह पर अवैध निर्माण कराया जा रहा है, शिकायतकर्ता ने बताया कि उक्त गाटा संख्या की भूमि का कुछ भाग मैनपुरी-बरनाहल मार्ग में चला गया तथा शेष भाग जो आधे से अधिक, ऑनरोड पर स्थित है, इसी बेशकीमती सरकारी भूमि पर उधन्ना नि. शिवराज सिंह यादव के पुत्रगणों के नाम .037 हे. का बैनामा है, जिस पर धारा-105 के तहत अनुसूचित जाति द्वारा गैर अनुसूचित जाति के व्यक्ति को बिना सक्षम स्तर से अनुमति के कृषि भूमि को बिना आबादी घोषित कराये आवासीय भूमि में आवासीय बैनाम कर दिया, बैनामें के उपरांत कॉमर्शियल दुकानों का निर्माण भी कर लिया गया है, जिस पर धारा-105 के तहत वाद दायर है, क्षेत्रीय लेखपाल की मिली-भगत से पुनः अनाधिकृत रूप से नई दुकानों का निर्माण कर लेंटर डालने की फिराक में है, शिकायतकर्ता ने ग्राम सभा की गाटा संख्या-1591 पर हो रहे अवैध निर्माण को तत्काल प्रभाव से रोक कर भूमि का राजस्व टीम गठित कर सीमांकन कराकर ग्राम सभा के सुपुर्द किये जाने की मांग की, शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वह तत्काल उप जिलाधिकारी सदर एवं राजस्व टीम के साथ मौके पर जाकर शिकायत का संज्ञान लिया।

श्री सिंह ने मौके पर उपस्थित उप जिलाधिकारी सदर को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रोका जाए, धारा-24 की पत्रावली के परीक्षण के उपरांत कार्यवाही की जाए यदि शिकायत सही हो तो राजस्व टीम गठित कर पैमाइश कराकर ग्राम सभा की भूमि को संरक्षित किया जाए साथ ही भूमि पर अनाधिकृत कब्जा करने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही अमल में लायी जाए। उन्होने कहा कि जबरन अनाधिकृत कब्जा करने वालों के विरूद्ध दंडात्मक कार्यवाही हो, एक बार सीमांकन, पैमाइश के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाये तो उसे भू-माफिया में चिन्हित कर उसके विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराकर वैद्यानिक कार्यवाही अमल में लायी जाये। उन्होने कहा कि जनता-दर्शन, सम्पूर्ण समाधान दिवस, थाना समाधान दिवस पर अधिकांश शिकायतें अनाधिकृत कब्जों की प्राप्त हो रही हैं, राजस्व, पुलिस विभाग की संयुक्त टीम अनाधिकृत कब्जों के प्रकरण में मौके पर जाकर प्रभावी कार्यवाही करे। उन्होने राजस्व अधिकारियों, कर्मचारियों को आदेशित करते हुये कहा कि कहीं भी सार्वजनिक भूमि यथा चकरोड़, तालाब, मरघट, विद्यालय की भूमि पर अनाधिकृत कब्जा न हो, जहां कहीं भी सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे हों, चकरोड की पैमाइश के बाद अनाधिकृत कब्जा हटवाकर संबंधित खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान के माध्यम से मिट्टी का कार्य कराया जाए, चकमार्ग, चकरोड, सड़क आमजन के आवागमन के लिए हैं, इन पर अनाधिकृत कब्जों के कारण आमजन को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ता है इसलिए सुनिश्चित किया जाये कि सभी चकमार्ग, चकरोड़ अतिक्रमण रहित रहें।

इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, अनिल कुमार सक्सेना, अनुज कुमार, क्षेत्रीय लेखपाल श्याम गुप्ता आदि उपस्थित रहे।