
मतदाताओं को जागरूक करने हेतु स्वीप के तहत कार्यक्रम आयोजित कराये जायें, स्काउट गाइड, एन.एस.एस. के छात्रों का सहयोग लिया जाए-जिला निर्वाचन अधिकारी।
मैनपुरी(सूवि) जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने सैनिक स्कूल, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, जनपद में संचालित राजकीय इंटर कॉलेज के शिक्षकों के साथ आयोजित बैठक में कहा कि अपने-अपने शिक्षण संस्थाओं में 15 से 18 आयु वर्ग के बच्चों का कोविड संक्रमण से बचाव हेतु टीकाकरण कराने में अपना योगदान दें, विद्यालय में टीकाकरण करने हेतु जिस दिन टीम जाएं, विद्यालय के पंजीकृत सभी छात्र उपस्थित रहें और प्रत्येक लक्षित छात्र को वैक्सीन लगे विद्यालय के शिक्षक सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि विद्यालय में टीम के जाने पर यदि बच्चों का टीकाकरण कम हुआ तो संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक की जिम्मेदारी तय होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षक सामाजिक, राष्ट्रीय सोच विकसित करें, शिक्षकों के ऊपर बच्चों के भविष्य निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, शिक्षक सेवा-भाव, नैतिकता के साथ जिम्मेदारी का निर्वहन करें, बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान कर उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि कुछ समय पूर्व इन्हीं राजकीय विद्यालयों के गुरुजनों ने अपने छात्रों के साथ कठिन परिश्रम, त्याग से समाज में आगे बढ़ने, बच्चों को संस्कारवान बनाने में अहम भूमिका निभाई, लेकिन धीरे-धीरे राजकीय विद्यालयों में माहौल बदला, शिक्षकों द्वारा शिक्षा पर ध्यान न देने के कारण शिक्षा के स्तर में गिरावट आई। उन्होने कहा कि शिक्षक के ऊपर बच्चों का जीवन संवारने की जिम्मेदारी उस वक्त होती है जब बच्चे का मन चंचल, शरारती होता है उस समय बच्चे को नियत्रिंत कर सफलता दिलाने का श्रेय शिक्षक का होता है।
श्री सिंह ने शिक्षकों से संवाद करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 में मतदाताओं को जागरूक करने, अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान दिवस पर अपने निर्धारित बूथ पर जाकर मताधिकार का प्रयोग करने हेतु जागरूक करने में आपकी सेवाएं ली जाएंगी, इसके अतिरिक्त निर्वाचन के अन्य कार्यों में भी आपको अपनी भागीदारी देकर लोकतंत्र को मजबूत बनाना है, आप सब अपने-अपने विद्यालय में स्वीप के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित कराएं, विद्यालय के छात्रों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने में सहयोग करें, जिन विद्यालयों में एन.सी.सी., स्काउट गाइड, एन.एस.एस. कार्यक्रम संचालित है, वहां एन.सी.सी., स्काउट, एन.एस.एस. के सभी बच्चों को प्राथमिकता पर वैक्सीनेशन कराया जाए, एन.सी.सी., एन.एस.एस. स्काउट के बच्चों का विधान सभा सामान्य निर्वाचन में विभिन्न कार्यों में सहयोग लिया जाएगा।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा के अलावा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक आदि उपस्थित रहे।



