सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने वालों, गोल्डन हॉवर में घायल व्यक्ति को चिकित्सालय पहुंचाने वालों को किया जाये सम्मानित-अंजनी कुमार।

मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कहा कि पुलिस, परिवहन, लोक निर्माण, एन.एच.ए.आई. के अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में कार्य करें, सड़क दुर्घटना में घायलों को तत्काल मद्द पहुंचाने के लिए लोगों को प्रेेरित करें, दुर्घटना के बाद 01 घंटे के अंदर घायलों की मद्द कर उन्हें चिकित्सालय पहंुचाने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर पुरस्कृत किया जाये, ओवर स्पीड, बिना सीट-बेल्ट, हेलमेट का प्रयोग किये वाहन चलाने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही हो, उनका चालान कर जुर्माना वसूला जाये, मुख्य मार्गों के किनारे अभियान चलाकर अनाधिकृत अतिक्रमण हटाये जायें। उन्होने कहा कि विद्यालयों में गठित रोड सेफ्टी क्लब नियमित रूप से यातायात नियमों का पालन करने के लिए छात्रों को जागरूक करें, विद्यालयों के रोड सेफ्टी क्लब के सदस्यों के साथ अन्य छात्र-छात्राओं का सहयोग लेकर उनके माध्यम से उनके परिजनों के साथ आमजन को भी यातायात नियमों का पालन करने, दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करने, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करने, वाहन चलाते समय ईयर फोन, मोबाइल का प्रयोग न करने, वाहन को निश्चित गति पर ही चलाने के लिए प्रेरित किया जाए।

श्री सिंह ने अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण को निर्देशित करते हुये कहा कि जनपद में चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर तत्काल मरम्मत का कार्य कराया जाये, वहां रोड सेफ्टी साईन बोर्ड स्थापित कराये जायें, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण ने बताया कि 2023 तक चिन्हित 38 ब्लैक स्पॉट के सापेक्ष 31 पर कार्य कराया जा चुका है, वर्ष 2024 में चिन्हित 10 ब्लैक स्पॉट में से 04 पर एन.एच.ए.आई. एवं 06 पर लोक निर्माण विभाग द्वारा कार्य कराया जाना है, जिसका आगणन तैयार कर शासन को भेजा जा चुका है, स्वीकृति मिलने पर तत्काल कार्य कराया जायेगा।

बैठक में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी शिवम यादव ने बताया कि वर्ष 2023 में 01 जनवरी से दि. 31 अगस्त 23 के मध्य जनपद में 397 सड़क दुर्घटनाएं घटित हुयीं, जिसमें 222 व्यक्तियों की मृत्यु हुयी, जबकि 01 जनवरी से 31 अगस्त 2024 के मध्य जनपद में 326 सड़क दुर्घटनाएं घटित हुयीं, जिसमें 192 व्यक्तियों को अपनी जान गंवानी पड़ी। उन्होने बताया कि जनपद में हेलमेट का प्रयोग किये बिना दुपहिया वाहन चलाने वाले 428, बिना सीटबेल्ट के चारपहिया वाहन चलाने वाले 268, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने पर 45 व्यक्तियों का चालान किया गया, 57 ओवर लोड वाहनों के विरूद्ध परिवहन विभाग द्वारा कार्यवाही की गयी जबकि यातायात पुलिस द्वारा बिना हेलमेट के वाहन चलाने वाले 248, बिना सीटबेल्ट के 53, ओवर स्पीड पर 06, रॉग साइट वाहन चलाने पर 31 व्यक्तियों से जुर्माना वसूला गया।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता, क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण ए.के. अरूण, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी दीपिका गुप्ता के अलावा विभिन्न विद्यालयों के प्रबन्धक, प्रधानाध्यापक आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी शिवम यादव ने किया।