मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के साथ थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना दन्नाहार, करहल में फरियादियों की शिकायतें सुनने के दौरान प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष को आदेशित करते हुए कहा कि भूमि संबंधी विवादों की शिकायतों के समाधान के प्रति बेहद संवेदनशील रहें, भूमि पर अनाधिकृत कब्जों की शिकायतों पर थाने से ही पुलिस, राजस्व कर्मियों की टीम गठित कर मौके पर भेजकर दोनों पक्षों की उपस्थिति में समस्या का निदान करायें, टीम को क्षेत्र में भेजने पर थाने की जी.डी. में पूरा विवरण अंकित किया जाए साथ ही टीम के वापस आने पर मौके पर की गई कृत कार्यवाही का भी विवरण पंजिका में अंकित किया जाए, भूमि संबंधी विवादों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर विलंब न हो यदि मौके पर किसी के द्वारा व्यवधान उत्पन्न किया जाए तो उसे शांतिभंग की धाराओं में पाबंद किया जाए। उन्होने कहा कि पैमाइश, सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जों की शिकायतों पर राजस्व, पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर प्रभावी कार्यवाही करे, एक बार पैमाइश, कब्जा हटवाने के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाये तो उसके विरूद्ध सुसंगत धाराओं में प्रभावी कार्यवाही की जाये।

श्री सिंह ने थाने पर मौजूद राजस्व निरीक्षकों, लेखपालों से कहा कि भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायतें मिल रही हैं, सभी लेखपाल अपने-अपने क्षेत्र की विवादित भूमि का रजिस्टर तैयार करें, क्षेत्र की विवादित भूमि की जानकारी रखें, सार्वजनिक भूमि पर कहीं अनाधिकृत कब्जा हो तो उसे प्राथमिकता पर हटवाना सुनिश्चित करें, थाना समाधान दिवस, सम्पूर्ण समाधान दिवस में विवादित भूमि के प्राप्त प्रकरण के संबंध में राजस्व, पुलिस की टीम मौके पर जाकर संयुक्त रूप से कार्यवाही करें, मौके पर मौजूद संभ्रांत व्यक्तियों के भी कृत कार्यवाही पर हस्ताक्षर कराए जाएं। उन्होने कहा कि जन-शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर विलंब न हो, फरियादी को तत्काल राहत मिले, आमजन के बीच संदेश पहुंचे कि शासन-प्रशासन उनकी शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण के लिए संवेदनशील है।
थाना दन्नाहार में शिकायतें सुनने के दौरान जब नगला सकरा मौजा बड़ा गांव नि. बालकराम, रवि, सत्यवीर आदि ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि सदियों पुराने देवस्थान गमा देवी को जाने वाले आम रास्ते को दंबग भू-माफियाओं द्वारा जबरन अवैध कब्जा कर निर्माण कर दीवाल लगाकर बोरिंग कर रास्ते को रोक दिया गया है, जिस पर उन्होने थानाध्यक्ष दन्नाहार, क्षेत्रीय लेखपाल को निर्देशित करते हुये कहा कि आज ही मौके का स्थलीय निरीक्षण कर दोनों पक्षों, गांव के संभ्रात व्यक्तियों से संवाद कर जानकारी करें, यदि शिकायत सही हो तो अवैध रूप से निर्माण कर रास्ता अवरूद्ध करने वाले व्यक्ति के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करें, बम्हौरी अवाहार नि. मिथलेश ने गाटा संख्या-1093 पर दंबगों द्वारा किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने की मॉग अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से की, जिस पर राजस्व निरीक्षक, लेखपाल को न्यायोचित कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।
इस दौरान उप जिलाधिकारी करहल नीरज कुमार द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी करहल संतोष कुमार, प्रभारी निरीक्षक करहल, दन्नाहार आदि उपस्थित रहे।



