मैनपुरी (सूवि)आगामी विधान सभा सामान्य निर्वाचन- 2022 की तैयारियों के सम्बन्ध में जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में कहा कि सभी राजनैतिक दल भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करें, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों को सभी राजनैतिक दलों को उपलब्ध कराया जायेगा। उन्होने उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि विशिष्ट व्यक्तियों, भावी उम्मीदवारों का नाम मतदाता सूची में शामिल है या नहीं इसका जिला प्रशासन द्वारा सत्यापन किया जा रहा है, आप भी अपने स्तर से विशिष्ट व्यक्तियों, भावी उम्मीदवारों आदि के नाम मतदाता सूची में शामिल हैं इसका अपने स्तर से भी सत्यापन कर लें ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो।
श्री सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन में प्रत्येक बूथ पर वीवी पैट का प्रयोग होगा, जनपद में पर्याप्त मात्रा में ईवीएम, वीवीपैट मशीन उपलब्ध हो चुकी है, जन-सामान्य एवं मतदान कार्य में लगने वाले कार्मिकों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के संचालन हेतु उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में से 10 प्रतिशत का रेंडम चयन कर प्रशिक्षण, जागरूक किया जा रहा है, प्रशिक्षण, जागरूकता अभियान हेतु चिन्हित इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के नंबर की सूची सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगीं, प्रशिक्षण हेतु चिन्हित ईवीएम का प्रयोग मतदान प्रक्रिया में नहीं होगा। जनपद के मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के संचालन, मताधिकार करने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने हेतु एल.ई.डी. वेन संचालित है, जो जनपद के मतदान केंद्रों पर जाकर मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया के बारे में जागरूक कर रही हैं, इसके अतिरिक्त भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, हाट-बाजारों में भी एलईडी युक्त प्रचार वाहन से मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है, जनपद की समस्त तहसीलों पर भी ईवीएम, वीवीपैट उपलब्ध हैं और यहां भी मतदाताओं को ईवीएम के संचालन, मताधिकार का प्रयोग करने के बारे में प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर द्वारा जानकारी दी जा रही है। सुनियोजित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता के अंतर्गत मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया में प्रतिभाग करने हेतु मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। उप जिलाधिकारियों, तहसील स्तरीय अधिकारियों के माध्यम से सभी मतदेय स्थलों पर शौचालय, शौचालय में दरवाजे की स्थिति, पानी हेतु हैण्ड पम्प की स्थिति, बिजली व्यवस्था, रैम्प, फर्नीचर, बाउन्ड्रीवाल, सड़क आदि मूल-भूत व्यवस्थाए मानक के अनुरूप पूर्ण करायी जा रही है यदि उक्त के सम्बन्ध में कोई भी प्रतिनिधि फीडबैक देना चाहे तो उपलब्ध करा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य सम्पन्न हो चुका है, ईआरओ नेट पर डाटा फीडिंग का कार्य संचालित है, उन्होने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान 49814 फॉर्म-6, 20656 फॉर्म-7, 1436 फॉर्म-8 तथा 58 फॉर्म- 8क प्राप्त हुये हैं, ईआरओ नेट पर अब तक 13 लाख 65 हजार 522 कुल मतदाता हैं, जिसमें से 07 लाख, 36 हजार 452 पुरूष मतदाता, 06 लाख 28 हजार 996 महिला मतदाता एवं 74 टी.जी. मतदाता है, जनपद का ई.पी. रेशियो 63.42 एवं जेण्डर रेशियो 854 है। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम जी मिश्र, उप जिलाधिकारी सदर वीरेन्द्र कुमार मित्तल, राजनैतिक दलों से देवेंद्र सिंह, करन पाल सिंह चौहान, सुनील वर्मा, राहुल शाक्य, सहायक निर्वाचन अधिकारी फूलचंद, सुनील मिश्रा आदि उपस्थित रहे।




