filter: 0; jpegRotation: 0; fileterIntensity: 0.000000; filterMask: 0;

मैनपुरी(सुवि) जन-सुनवाई के दौरान जब पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उ.प्र. शासन जयवीर सिंह के सम्मुख करीमगंज नि. राघवेंद्र, ब्रजकिशोर, माधुरी, सचिन, पन्नालाल, पिंटू शाक्य, महिपाल, संतोष, शैलेन्द्र कुमार आदि ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि उनके गांव का ट्रांसफार्मर अक्सर खराब हो जाता है, विद्युत लाइन में भी फॉल्ट होते रहते हैं, विगत 03 दिन से ट्रांसफार्मर खराब है, जिस कारण विद्युत आपूर्ति बंद पड़ी है, विभाग का कोई भी अधिकारी, कर्मचारी अपना फोन रिसीव नहीं करते, विद्युत आपूर्ति ठप्प होने के कारण तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिस पर उन्होंने विद्युत विभाग के अभियंताओं को आदेशित करते हुए कहा कि यह स्थिति किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं होगी, प्रदेश सरकार के स्पष्ट निर्देश हैं कि खराब ट्रांसफार्मर प्रत्येक दशा में 24 घंटे में बदले जाएं, जिला मुख्यालय से लेकर ग्राम स्तर तक निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जहां भी विद्युत तार ढीले हैं उन्हें सर्वाेच्च प्राथमिकता पर ठीक कराया जाए, बावजूद इसके गांव में 03 दिन तक विद्युत आपूर्ति न होना शासन के निर्देशों का स्पष्ट उल्लघंन है। उन्होंने कहा कि खराब ट्रांसफार्मर प्रत्येक दशा में आज ही बदल कर ग्राम की विद्युत आपूर्ति सुचारू की जाए, जहां भी ट्रांसफार्मर खराब हों, उन्हें निर्धारित समय-सीमा में बदला जाए, ढीले तार तत्काल ठीक कराये जाएं, उपभोक्ताओं को विभाग की कार्यशैली के कारण असुविधा का सामना न करना पड़े, सुनिश्चित किया जाए।

पर्यटन मंत्री के सम्मुख मंछना नि. सुशीला देवी ने जब अपने प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि उसे निराश्रित महिला पेंशन में लाभान्वित किया गया था, विगत 01 वर्ष से उसके खाते में पेंशन नहीं आ रही है, उसके द्वारा ई-के.वाई.सी. भी कराई जा चुकी है, प्रार्थिनी बेहद गरीब है, पेंशन की राशि न आने से उसे भरण-पोषण में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, जिस पर उन्होंने जिला प्राबेशन अधिकारी को हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी लाभार्थी की पेंशन की राशि न रूके, जिन लाभार्थियों द्वारा ई-के.वाई.सी. नहीं करायी गयी है, उनकी प्राथमिकता पर ई-के.वाई.सी. कराई जाए ताकि समय से पात्रों के खातों में पेंशन की राशि पहुंचे। उन्होंने कहा कि जनपद में कोई भी पात्र व्यक्ति वृद्धावस्था, निराश्रित महिला, दिव्यांग पेंशन का लाभ पाने से वंचित न रहे, विभागीय अधिकारी सुनिश्चित करें। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जनता दर्शन के दौरान सार्वजनिक भूमि यथा चकरोड, चारागाह, विद्यालय की भूमि, खाद के गड्ढों पर अनाधिकृत कब्जों की शिकायतें मिल रही है, सबसे ज्यादा शिकायतें चक-मार्ग पर अनाधिकृत कब्जों के कारण आवागमन में हो रही असुविधा के संबंध में प्राप्त हो रही है।

उन्होंने कहा कि उप जिलाधिकारी अपनी-अपनी तहसील में चकमार्गाे का फीडबैक लें, जहां भी अनाधिकृत कब्जे हों, उन्हें तत्काल हटवाया जाये। उन्होंने कहा कि यदि शिकायतकर्ता द्वारा झूठी शिकायत की जाए तो ऐसे शिकायतकर्ताओं को चिन्हित कर उनके विरुद्ध भी दंडात्मक कार्यवाही हो। उन्होंने कहा कि जनता दर्शन के दौरान प्राप्त शिकायतों का 01 सप्ताह में निराकरण कर उप जिलाधिकारी के माध्यम से आख्या प्रस्तुत की जाए, कोई भी शिकायत किसी कार्यालय में निस्तारण हेतु शेष न रहे, शिकायतकर्ता को प्रत्येक विभाग से तत्काल राहत मिले, उसे अपनी समस्या के निदान के लिए भटकना न पड़े।

आज जन-सुनवाई के दौरान काशीराम आवास कालौनी नि. श्रीदेवी, प्रदीप कुमार उर्फ मुनीम ने विद्युत के बिल में संशोधन कराने, ग्राम सिनौरा नि. राम सरन कश्यप ने समर का कनेक्शन कराने, ग्राम चिकनी नि. दलवीर सिंह ने वर्षों से अवरूद्ध मार्ग को पक्का कराये जाने, ग्राम नखतपुर नि. नेकराम ने भूमि पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, कुर्रा नि. जितेन्द्र दुबे ने पिता पर हुये हमले के दोषियों के विरूद्ध कानूनी कार्यवाही कराये जाने, ग्राम किन्हावर नि. राजेश कुमार ने गांव के दबंग प्रधान व उसके परिजनों द्वारा भूमि पर किये गये अवैध कब्जे को हटवाने की मॉग अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिसे सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल निस्तारित कर आख्या प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया।

जन-सुनवाई के दौरान उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अजय सिंह चौहान, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर सिंह, प्र. निरीक्षक महिला थाना हेमलता के अलावा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, उदय चौहान, अर्जुन सिंह, लालू जादौन, सर्वेश कुमार, अन्य पार्टी पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।

—————————————————–