कुंवर आर. सी. महिला महाविद्यालय में हर्षोल्लास के साथ हिंदी दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के आरंभ में महाविद्यालय की संयुक्त सचिव डॉ सुशीला त्यागी जी ने सभी को हिंदी दिवस की शुभकामना प्रदान करते हुए कहा कि हिंदी हमारी राष्ट्रीय अस्मिता की पहचान है। हमें हमारी भाषा और संस्कृति पर अवश्य ही गर्वित होना चाहिए। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ शेफाली यादव जी ने हिंदी दिवस मनाने की सार्थकता पर बात करते हुए कहा कि हिंदी भारत की आत्मा है,हिंदी भाषा- भाषी जन समुदाय को पढ़ने, लिखने, बोलने के साथ-साथ अपनी मातृभाषा का सम्मान करना सीखना होगा। उन्होंने पठन-पाठन के लिए डिजिटल माध्यमों के बजाय पाठ्यपुस्तक पढ़ने के लिए छात्राओं को प्रेरित किया। तत्पश्चात् अपने अध्यक्षीय भाषण में महाविद्यालय के हिंदी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. कुसुम यादव जी ने बताया हिंदी भाषा हमारे जीवन मूल्यों, आदर्शों और संस्कारों की संवाहिका है। हिंदी अपने में एक समृद्ध भाषा है अतः हमें भाषाई स्तर पर किसी भी तरह की हीन भावना नहीं महसूस करनी चाहिए। हिंदी विभाग की प्राध्यापिका जया सिंह ने दिवस मनाने का उद्देश्य बतलाते हुए हिंदी भाषा एवं वर्तनी के प्रति जागरूक होने की बात कही। हिंदी विभाग की शिक्षिका डॉ. गीता प्रजापति ने स्वरचित कविता के माध्यम से हिंदी की लोक- बोलियों और लोकगीतों के संरक्षण और संवर्धन की बात कही। इस अवसर पर महाविद्यालय में निबंध प्रतियोगिता आयोजित हुई जिसमें बी. ए. की छात्रा सृष्टि, सोनम, अमृता ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहीं। उमा, भावना, सोफिया इत्यादि ने हिंदी भाषा पर अपने विचार रखे तथा अन्य छात्राओं ने काव्यपाठ में भाग लिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की अन्य शिक्षक/ शिक्षिकायें मौजूद रहीं। उक्त कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग की प्राध्यापिका जया सिंह ने किया।