मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कृषि विभाग (भूमि संरक्षण अनुभाग) के अन्तर्गत संचालित वर्षा सिंचित क्षेत्र विकास (आर.ए.डी.) योजना के अन्तर्गत जिला मिशन समिति की बैठक के दौरान कहा कि योजनान्तर्गत निर्धारित मानक, नियमों का पालन किया जाये, चयनित ग्राम में कराये जाने वाले कार्य मानक के अनुसार एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराये जायें, योजना का क्षेत्र में प्रचार-प्रसार कराया जाये ताकि किसानों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके एवं उत्पादन में वृद्धि हो सके साथ ही उपलब्ध कराये जाने वाली सुविधाओं का लाभ प्रत्येक पात्र कृषकों को मिले, सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि योजनन्तर्गत चयनित क्षेत्र में कम से कम 50 प्रतिशत लाभान्वित लघु, सीमांत कृषक वर्ग, 25 प्रतिशत लाभार्थी अनु जाति एवं जनजाति से हों, सम्पूर्ण योजनाकाल में एक कृषक परिवार को अधिकतम रू. 30 हजार का अनुदान उपलब्ध कराया जाये। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य वर्षा संचित क्षेत्रों की कृषि उत्पादकता में सत्त वृद्धि के लिये समुचित कृषि पद्धत्ति प्रणाली को प्रचलन करना, कृषि विविधीकरण अपनाकर सूखा, बाढ़ या वर्षा का कम या असमान वितरण की दशा में फसल उत्पादन पर पड़ने वाले कुप्रभाव को कम करना, कृषकों को उन्नत तकनीकी तथा फसल उत्पादन विधि अपनाकर रोजगार का अवसर दिलाना है।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि योजना के अन्तर्गत चयनित क्लस्टर में पूर्व में मनरेगा, नाबार्ड योजनान्तर्गत भूमि संरक्षण के कार्य कराये गये, चयनित क्लस्टर में वित्तीय वर्ष 2021-22 में खेत-तालाब योजनान्तर्गत तालाब निर्माण का कार्य किया गया, चयनित क्लस्टर में अनुसूचित जाति के कृषकों की संख्या 20-25 प्रतिशत है, इकाई को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए योजनान्तर्गत रू. 58.80 लाख का वित्तीय लक्ष्य प्राप्त हुआ है, उक्त लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 14 लाख 60 हजार का अवंटन हुआ। बैठक में योजना को विकास खंड करहल की ग्राम पंचायत नाकऊ में क्रियान्वयन हेतु अनुमोदन प्रदान करने हेतु जिला मिशन समिति के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, उप जिलाधिकारी सदर, करहल, भोगांव, किशनी, कुरावली, घिरोर, अभिषेक कुमार, नीरज द्विवेदी, संध्या शर्मा, गोपाल शर्मा, आर.एन.वर्मा, प्रसून कश्यप, उप कृषि निदेशक नरेन्द्र कुमार त्रिपाठी, पशु चिकित्साधिकारी डा. सोमदत्त सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप ने किया।



