मैनपुरी(सूवि)आबकारी, मद्य निषेध मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री ने श्रीदेवी मेला पंडाल में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित भव्य समारोह में 371 नवविवाहित दम्पत्तियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में अनूठी योजना लागू कर गरीब परिवारों के मां-बाप के सर से बेटी की शादी का बोझ कम किया, एक शादी पर सरकारी खजाने से रू. 51 हजार खर्च कर भव्य समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों, जन-प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ठाट-वाट के साथ विवाह की रस्म अदा हो रही है, एक ही मंडप के नीचे वैदिक रीति रिवाज से हिंदू बेटियों की शादियां हो रही है वहीं दूसरी ओर मुस्लिम बेटियों के निकाह की रस्म भी अदा की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज गरीब परिवार पर बेटियां बोझ नहीं, अब बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ-साथ उनकी शादी की जिम्मेदारी भी सरकार ने अपने ऊपर ले रखी है, अब तक प्रदेश में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत लगभग 05 लाख से ऊपर गरीब परिवार की बेटियों की शादी संपन्न हो चुकी है।
आबकारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गरीब, निर्धन, मजदूर परिवार की बेटियों को नायब तोहफा दिया है, गरीब परिवार बेटी की शादी करने के लिए काफी परेशान रहते थे, प्रदेश सरकार के मुखिया ने गरीब के कंधों से बेटी की शादी का बोझ हटाया। उन्होने कहा कि देश, प्रदेश में डबल इंजन की सरकार गरीबों, बेरोजगारों, किसानों, नौजवानों, महिलाओं के हितों की रक्षा करने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रही है, सरकार की संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं में सबसे ऊपर महिलाओं को रखा गया है, प्रदेश में हर क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है, शहर से लेकर गांव तक, गांव से लेकर मजरे तक पक्की सड़क बन रही हैं, गांव-गांव विद्युतीकरण का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत झुग्गी-झोपड़ी, कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों को पक्का मकान उपलब्ध कराया जा रहा है, उज्जवला योजना के तहत बड़ी संख्या में महिलाओं को निःशुल्क सिलेण्डर, गैस-चूल्हा मुहैया कराये गये। उन्होने कहा कि प्रदेश में विगत लगभग 05 वर्षों में महिलाओं के आत्मनिर्भर, स्वावलाम्बन हेतु तमाम योजनाएं संचालित की, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गांव-गांव महिला समूह गठित कर महिलाओं को कुटीर उद्योगों से जोड़कर उनकी आय के साधन में व्रद्धि की, आज बड़ी संख्या में महिलाएं सम्मान के साथ जीवन-यापन कर रही हैं। उन्होने कहा कि आज प्रदेश में कानून का राज है, गुण्डे, माफिया या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर चले गये हैं, कई दुर्दान्त अपराधी मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं।
जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने नव-दंपतियों को बधाई देते हुए कहा कि सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ें, प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी कर उनका लाभ लें, अन्य पात्रों को भी योजनाओं का लाभ दिलाने में उनकी मदद करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की महत्वकांक्षी योजना है इस योजना में गरीब परिवारों की बेटियों की शादी पर रू. 51 हजार सरकार द्वारा व्यक्त किया जा रहा है, जिसमें से रू. 35 हजार वधू के खाते में भेजा जाता है, रू. 10 हजार का सामान बेटियों को उपलब्ध कराया जा रहा है, रू. 06 हजार बारातियों-घरातियों के खानपान, अन्य व्यवस्थाओं पर व्यय किया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित नव दंपतियों के साथ-साथ अन्य लोगों से कहा कि यदि किसी गरीब की बेटी शादी योग्य हो तो उसके लिए उसके परिजन वर ढूंढ ले और अपने ब्लॉक, नगर पालिका, नगर पंचायत में पंजीकरण करा लें, उनकी शादी भी भव्य समारोह में कराई जाएगी। उन्होने कहा कि इस योजना के लागू होने के बाद से समाज में फैली कुरीतियों पर लगाम लगी है, दहेज प्रथा जैसी कुप्रथा भी प्रभावित हुयी है, आज गरीब परिवार अपनी बेटियों की शादी भव्य समारोह में कराकर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की अभिनव, अनूठी पहल है, इस योजना के तहत बिना किसी भेदभाव, जातिवाद के एक ही मंडप में हिन्दू-मुस्लिम रीति रिवाज से शादी कराकर अनूठी मिसाल पेश की। उन्होने कहा कि बिना गृहस्थ जीवन के सृष्टी की कल्पना नहीं की जा सकती, योजना प्रारंभ होने से पूर्व गरीब व्यक्ति अपनी बेटी के हाथ पीले करते समय आर्थिक बोझ में दबा रहता था, बेटी की शादी के लिए किसी साहूकार से पैसा उधार लेना पड़ता था या अपनी जमीन गिरवीं रखनी पड़ती थी लेकिन आज गरीब बेटी की शादी सरकारी खर्चे पर शान-ओ-शौकत से हो रही है। कार्यक्रम में आर.सी. इण्टर कॉलेज,राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की बालिकाओं, मथुरा से आये कलाकारों ने स्वागत गीत एवं लोक नृत्य की मोहक प्रस्तुति दी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी डा. इन्द्रा सिंह ने बताया कि आज आयोजित भव्य समारोह में 371 जोड़ों की शादियां धूम-धाम से हुंयी, जिसमें 348 हिन्दू जोड़े एवं 23 मुस्लिम जोड़ों की शादी की रस्म अदा करायी गयी। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत अर्चना भदौरिया, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार राय, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.पी. सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योंति खुड़िया नवाब सिंह, उप जिलाधिकारी सदर, भोगांव, करहल, किशनी, वीरेन्द्र कुमार मित्तल, राज नारायण त्रिपाठी, राम नारायण, जय प्रकाश, परियोजना निदेशक के.के. सिंह यादव, जिला विकास अधिकारी प्रवीन कुमार राय, जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी स्वामीदीन आदि उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन डा. अलका पाठक ने किया।
Home मुख्य समाचार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित भव्य समारोह में 371 नवविवाहित...





