विद्यालयों में पंजीकरण के सापेक्ष छात्रों की उपस्थिति सुधारी जाए, मध्यान्ह भोजन में ऑटे की क्वालिटी का ध्यान रखा जाए-अविनाश।
मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने निपुण भारत मिशन एवं ऑपरेशन कायाकल्प, मध्यान्ह भोजन की मासिक समीक्षा के दौरान बेसिक शिक्षा के विद्यालयों में पंजीकृत छात्रों के सापेक्ष मात्र 66 प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जाए, विद्यालयों से निरंतर अनुपस्थित रहने वाले छात्रों के अभिभावकों से संवाद कर बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया जाए, खंड शिक्षाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के ऐसे विद्यालय जहां उपस्थिति सबसे कम है, का चिन्हांकन कर स्वयं उपस्थिति बढ़ाने के लिए प्रयास करें। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि माह में अपने-अपने क्षेत्र के कम से कम 15-15 विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों का औचक निरीक्षण करें, निरीक्षण के दौरान पंजीकृत छात्रों के सापेक्ष उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, विद्यालय की साफ-सफाई आदि बिंदुओं का गहनता से निरीक्षण कर आख्या प्रस्तुत करें।
श्री सिंह ने समीक्षा के दौरान पाया कि अभी ऑपरेशन कायाकल्प के तहत जनपद के 20 विद्यालय संतृप्त होने से शेष हैं, जिसमें एक ब्लॉक बरनाहल क्षेत्र का एवं 19 विद्यालय नगरीय क्षेत्र के हैं, जिस पर उन्होने अधिशाषी अधिकारी नगर निकाय को आदेशित करते हुये कहा कि तत्काल नगरीय क्षेत्र के अवशेष विद्यालयों को सभी बिन्दुओं से संतृप्त कराना सुनिश्चित करें, खंड विकास अधिकारी बरनाहल हाजीपुर सेमरी के विद्यालय को सभी बिन्दुओं से संतृप्त करायें। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी, खंड शिक्षाधिकारी नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण कर पठन-पाठन, छात्रों की उपस्थिति, विद्यालय में साफ-सफाई की व्यवस्था को सुदृढ़ करें, विलंब से आने वाले, शिक्षण कार्य में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों को चिन्हित कर कार्यवाही करें। उन्होने समीक्षा के दौरान कहा कि विद्यालयों में पठन-पाठन सामग्री के प्रयोग में सबसे खराब स्थिति विकास खंड मैनपुरी, सुल्तानगंज क्षेत्र की है, सम्बन्धित खंड शिक्षाधिकारी इस ओर ध्यान देकर स्थिति सुधारें। उन्होने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आदेशित करते हुये कहा कि छात्रों को निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापरक मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जाये, निर्धारित दिवस पर निर्धारित मात्रा में दूध, फल, बिस्किट भी छात्रों को दिये जायें, इसमें किसी भी स्तर पर गुणवत्ता, मात्रा में समझौता न किया जाये, ऑटे की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाये, समय-समय पर ऑटे की सैम्पलिंग कराकर जॉच करायी जाये।
खंड शिक्षाधिकारी जनपद के सभी विद्यालयों को निपुण विद्यालय बनाने की दिशा में कार्य करें।
मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने छात्रों को मिलने वाली विभिन्न योजनाओं में आधार सीडिंग की प्रगति की समीक्षा करने पर पाया कि अभी विकास खंड मैनपुरी में सर्वाधिक 11 प्रतिशत, बरनाहल में 10 प्रतिशत पंजीकृत छात्रों का आधार सीडिंग होना शेष है, जिस पर उन्होने सम्बन्धित खंड शिक्षाधिकारियों को सचेत करते हुये कहा कि व्यक्तिगत रूचि लेकर अवशेष छात्रों के आधार सीडिंग का कार्य पूर्ण करायें ताकि उन्हें ड्रेस आदि की धनराशि का भुगतान डी.बी.टी. के माध्यम से हो सके। उन्होने कहा कि खंड शिक्षाधिकारी जनपद के सभी विद्यालयों को निपुण विद्यालय बनाने की दिशा में कार्य करें, गत सर्वे में 728 विद्यालयों में से 215 विद्यालय ही निपुण घोषित हुये हैं। उन्होने कहा कि सभी शिक्षक समय से विद्यालय पहुंचे, अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रयोग अपने विद्यालय के छात्रों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने, विद्यालय में शैक्षिक वातावरण सृजन करने की दिशा में करें।
जनपद में घोषित निपुण विद्यालय में विकास खंडवार शीर्ष स्थान रहे विकास खंड किशनी ।
जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में घोषित निपुण विद्यालय में विकास खंडवार शीर्ष स्थान रहे विकास खंड किशनी के प्रा.वि. खिरिया, मीरपुर के मनीष कुमार, सुरजीत सिंह, विकास खंड बरनाहल के प्रा.वि. नवाटेढा, भगवतीपुर के हरिओम, सचिन सिंह, विकास खंड बेवर के प्रा.वि. खजुरिया, अहमलपुर के शैलेन्द्र सिंह चौहान, सतीश चन्द्र, विकास खंड जागीर के प्रा.वि. चौहानपुर, मैनबोझ की श्वेता सिंह, सौरभ कुमार, विकास खंड करहल के प्रा.वि. न. गुरूदयाल, विरसिंहपुर के आलौक जैन, सुखवीर सिंह, विकास खंड कुरावली के प्रा.वि. न. खुमानी, रजेपुरा के धर्मेन्द्र कुमार, सुभाष चन्द्र, विकास खंड सुल्तानगंज के प्रा.वि. जगतपुर, आलीपुर पट्टी के अमित कुमार, अम्बरीश पाण्डेय, विकास खंड मैनपुरी के प्रा.वि. हरिहरपुर, सैदपुर बघौली की आरती चतुर्वेद्वी, कुलदीप, विकास खंड घिरोर के प्रा.वि. घिरोर द्वितीय, हरैना के राजेश कुमार, रोहित बाबू, नगर क्षेत्र मैनपुरी के प्रा.वि. गंज बालक न. रते, आवास विकास रीना गुप्ता, रेनू राठौर को प्रतीक चिन्ह, प्रशस्ति पत्र देकर सम्मनित किया।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर. सी. गुप्ता, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. सत्येन्द्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी दीपिका गुप्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी तुलसी राम, समस्त खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।




👍
Good news
Comments are closed.