मैनपुरी (सूवि)जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील करहल में जन-शिकायतें सुनने के दौरान गत संपूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता की हकीकत 05 अधिकारियों से शिकायतकर्ता के मोबाइल नंबर पर वार्ता कराकर परखी, राजस्व, पुलिस, चकबंदी विभाग के 15 शिकायती प्रार्थना पत्रों का रेंडम चयन कर फीडबैक लेने पर 05 शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापरक नहीं पाया, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार निर्देशों के बाद भी शिकायतों के निस्तारण के गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, कुछ शिकायतकर्ताओं द्वारा जबरन समझौता करने की बात कही, जो निराशाजनक है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को पुनः सचेत करते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों के निस्तारण का स्वयं संज्ञान लेकर शिकायतकर्ता से वार्ता कर उसके संतुष्ट होने पर ही निस्तारण आख्या अपलोड कराई जाए।उन्होंने राजस्व कर्मियों, थानाध्यक्षों को निर्देशित करते हुए कहा कि सरकारी भूमि पर अनाधिकृत कब्जों को गंभीरता से लें, तत्काल पुलिस, राजस्व की टीम मौके पर जाकर शिकायत की जांच करें, किसी के द्वारा सरकारी भूमि पर अनाधिकृत कब्जा किया गया हो तो तत्काल कब्जा हटवाकर कब्जा करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करें, कहीं भी मरघट, कब्रिस्तान, विद्यालय की भूमि, चकरोड, खाद के गड्ढे आदि की भूमि पर अनाधिकृत कब्जा न रहे।
जन-सुनवाई के दौरान श्री सिंह के सम्मुख जब हिंदूपुर नि. दफेदार सिंह ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि गांव के दयाराम ने पूर्व लेखपाल रमेश चंद्र से सांठ-गांठ कर अपनी पत्नी फूलवती व पुत्र सुरेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह के नाम खाता संख्या-1795 के गाटा संख्या 591, 916, 607 में गलत ढंग से पट्टा कर लिया इसके अलावा गाटा संख्या-3598, 2150, 9138, 916, 3522, 601, 589 में फर्जी इंद्राज भी कर लिया, जिसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने उप जिलाधिकारी करहल को शिकायत की जांच करने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि शिकायत सत्य पाई जाए तो संबंधित लेखपाल के विरोद्ध कठोरतम कार्यवाही करें, 01 सप्ताह में फर्जी इंद्राज को निरस्त कर अवैध ढंग से आवंटित पट्टों के निरस्तीकरण की कार्यवाही कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाये, उरथान नि. बालकराम शाक्य द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्र पर सख्त रूख अपनाते हुए तहसीलदार करहल से कहा कि गाटा संख्या-1625, 1568, 1364, 1604, 1609, 1613, 2105, 1611 पर आवंटित पट्टों के निरस्तीकरण के उप जिलाधिकारी करहल के आदेश वर्ष 2010 के बाद भी अभी तक भूमि को खाली नहीं कराया गया है, जिस पर उन्होंने संबंधित लेखपाल की जिम्मेदारी तय कर प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश देते हुए उक्त सभी गाटा संख्याओं को 01 सप्ताह में खाली कराकर ग्राम सभा के नाम दर्ज कराया जाये।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुन प्रभावी कार्यवाही के निर्देश देते हुए उपस्थित थानाध्यक्षों से कहा कि शिकायतकर्ता की बात गंभीरता से सुने, किसी पर दबाव बनाकर निस्तारण न किया जाए बल्कि मौके पर जो सही हो वहीं निस्तारण किया जाए। इस दौरान उप जिलाधिकारी करहल गोपाल शर्मा, क्षेत्राधिकारी करहल चन्द्रकेश सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. सत्येंद्र कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन अंसारी, जिला पंचायत राज अधिकारी तुलसीराम, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सूर्य प्रताप, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपिका गुप्ता, तहसीलदार करहल कमल कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

1 COMMENT

Comments are closed.