मैनपुरी(सूवि)पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कैंप कार्यालय पर जन-शिकायतें सुनने के दौरान कहा कि आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापरक, समयबद्ध निराकरण प्रदेश सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है और इसकी सीधे शासन स्तर से समीक्षा भी हो रही है, यदि किसी भी विभाग में शिकायत का समय से निस्तारण न हुआ तो संबंधित विभाग के अधिकारी की जिम्मेदारी तयकर उसके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही होगी। उन्होने कहा कि अधिकारी जन-शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण के लिए संवेदनशील रहें, व्यक्तिगत जिम्मेदारी मान जन-शिकायतों का निराकरण कराएं, यथासंभव मौके पर जाकर समस्या का निदान करें, शिकायतकर्ता से अवश्य बात की जाए सही शिकायत होने पर शिकायतकर्ता के संतुष्ट होने पर ही शिकायत का निस्तारण माना जाए, जिला स्तरीय अधिकारी अधीनस्थों की रिपोर्ट पर निर्भर न रहें, शिकायत का संज्ञान स्वयं ले, इसमें किसी भी स्तर पर विलंब, कोताही न बरती जाए।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की संचालित जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे ताकि वह भी सम्मान के साथ अपना जीवन-यापन कर सके, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का लाभ प्रत्येक पात्र बालिका को मिले, प्रत्येक बेघर के पास अपना पक्का मकान हो, आवासहीन व्यक्तियों को प्रधानमंत्री आवास योजना, शहरी, ग्रामीण, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना मंे लाभान्वित किया जाये, कोई व्यक्ति खुले में शौंच न करे, खुले में शौच के कारण किसी महिला को शर्मिदंगी का सामना न करना पड़े, जिन घरों में शौचालय नहीं हैं, उन्हें चिन्हित कर तत्काल स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय योजना का लाभान्वित किया जाये।
आज जन-सुनवाई के दौरान पर्यटन मंत्री के सम्मुख ग्राम लालपुर नि. रामबेटी ने भूमि गाटा संख्या 1127, 1141, 1143 पर दिनेश द्वारा फर्जी बैनामा दिखाकर जमीन पर कब्जा किये जाने, मु. गाड़ीवान नि. राजेश कुमार गुप्ता ने धोखे से सम्पत्ति बेचे जाने, ग्राम पड़ुआ नि. राम रतन दुबे ने किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने, कुरावली नि. दिनेश ने आवासीय पट्टा आवंटित किये जाने, ग्राम बुढ़ौली नि. उदय प्रताप सिंह ने भूमि पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने की मांग अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल गुणवत्तापरक निराकरण हेतु उपलब्ध कराया। जन-सुनवाई के दौरान उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, उदय चौहान, पार्टी पदाधिकारी पार्टी आदि उपस्थित रहे।