समान पक्षी विहार में टूरिज्म गतिविधियों को बढ़ावा दिया जायेगा, बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, चिल्ड्रेन पार्क विकसित होगा, हाईटैक वॉच टॉवर बनेंगें-अविनाश
अधिग्रहण की गई भूमि में से ग्रामसभा, सरकारी भूमि, निजी भूमि का अलग-अलग विवरण तैयार कर 01 सप्ताह में उपलब्ध कराया जाए-जिलाधिकारी।
मैनपुरी,समान पक्षी विहार के रूप में दर्ज भूमि की पैमाइश प्राथमिकता पर कराई जाए, जहां भी अनाधिकृत कब्जे हैं, तत्काल हटवाये जाए, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार प्रतिदिन भूमि के सत्यापन के संबंध में बैठक कर फोटोग्राफ्स उपलब्ध करायें, अधिग्रहण से संबंधित समस्त रिकॉर्ड मय गाटा संख्या तत्काल प्रस्तुत किया जाए, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार किशनी, ग्राम प्रधान समान से समन्वय स्थापित कर अधिग्र्रहित भूमि के स्वामियों से वार्ता कर समस्या का निदान करायंे, समान पक्षी विहार के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण को लेकर किसी भी स्तर पर कोई समस्या न हो, सुनिश्चित किया जाए, पक्षियों की सुविधा को ध्यान में रख विकास कार्य कराये जायें, पक्षियों का आवागमन बढ़े, प्रजनन के साथ उनकी संख्या में इजाफा हो, पक्षियों को बेहतर वातावरण मिले, हर समय पानी की उपलब्धता रहे, नहरों से जोड़कर तालाब में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये।
उक्त निर्देश जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने समान पक्षी विहार के पर्यटन विकास के संबंध में राजस्व, वन, पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में देते हुए कहा कि उप जिलाधिकारी किशनी लेखपालों की टीम गठित कर समान पक्षी विहार की पूरी भूमि की तत्काल पैमाइश कराना सुनिश्चित करें, समान पक्षी विहार के आस-पास जो भी पट्टे आवंटित किए गए हों, उनके निरस्तीकरण की कार्यवाही की जाए, अधिग्रहण की गई 294.76 हे. भूमि की पैमाइश कराकर जहां भी गतिरोध, अनाधिकृत कब्जे हों, तत्काल हटवाकर संरक्षित किया जाए। उन्होंने एसओसी चकबंदी को हिदायत देते हुए कहा कि पुराने रिकॉर्ड का अवलोकन कर समान पक्षी विहार में स्थित वन विभाग की भूमि का अमल दरामद कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने उप जिलाधिकारी, तहसीलदार किशनी से कहा कि ग्राम सभा की भूमि का एल.एम.सी. की बैठक में प्रस्ताव कराकर संबंधित विभाग के नाम दर्ज की जाए, भूमि से संबंधित समस्त कार्यवाही पूर्ण कर 24 अक्टूबर तक मय खतौनी के विवरण प्रस्तुत किया जाए।
श्री सिंह ने समान पक्षी विहार के पर्यटन विकास, सौंदर्यीकरण हेतु तैयार की गई डी.पी.आर. का अवलोकन करते हुए कहा कि मुख्य मार्ग से समान पक्षी विहार तक जाने वाले मार्ग के दोनों ओर ऊंची हाइट के पौधे रोपित किए जाएं, वॉच टावर निर्माण में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए, वॉच टावर पर जाने-आने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, महिला-पुरुष शौचालय में मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, चिल्ड्रेन पार्क में उत्तम क्वालिटी के झूले लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में सारस के अलावा विभिन्न प्रजातियों के बगुला, नीलकंठ, बत्तख सहित कई प्रकार की अन्य चिड़ियां मिलती हैं, इन दुर्लभ प्रजाति की वर्ड को सुरक्षित, बेहतर वातावरण मिले ताकि इनकी संख्या में इजाफा हो और यह आने वाले पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी विकास नायक, परियोजना निदेशक सत्येन्द्र कुमार, उपायुक्त मनरेगा पी.सी. राम, उप जिलाधिकारी किशनी योगेन्द्र कुमार, वन्यजीव प्रतिपालक कृष्ण चन्द्र शेखर, क्षेत्रीय वन अधिकारी संजय माथुर, जिला पर्यटन अधिकारी प्रदीप टम्टा, ग्राम प्रधान उमेश शर्मा, रोहित दुबे, वीरेश पाठक, अनुज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।