मैनपुरी(सूवि)जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण संबंधी बैठक में जिला दुग्ध अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि योजना का लाभ पारदर्शिता के साथ गोपालकों को उपलब्ध कराया जाये, चयन प्रक्रिया में खड विकास अधिकारियों का सहयोग लेकर वास्तविक रूप से पात्र गोपालकों को नंद बाबा दुग्ध योजना में लाभान्वित कराया जाये। उन्होने खंड विकास अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्र के गोपालकों को योजना के बारे में जानकारी दी जाये, चयन प्रक्रिया में निर्धारित शर्तों का पालन सुनिश्चित कराया जाये। उन्होने पशुपालकों का आव्हान करते हुये कहा कि जनपद में यह योजना प्रारंभ हो चुकी है, जिन पशुपालकों की गाय 08-10 लीटर प्रतिदिन दूध दे रही हैं उन्हें रू. 10 हजार, जिनकी गाय 12 लीटर से अधिक दूध दे रही हैं, उन्हें रू. 15 हजार की पुरस्कृत राशि प्रदान की जायेगी साथ ही प्रशस्ति पत्र भी उपलब्ध कराया जायेगा।
श्री सिंह ने योजना की पात्रता बताते हुये कहा कि 18 वर्ष से अधिक के पशुपालक इस योजना में भाग ले सकते हैं, गाय के ब्यांत की तिथि से 45 दिन के अंदर आवेदन करना होगा, आवेदन प्राप्त होने के बाद सम्बन्धित अधिकारियों द्वारा स्थलीय सत्यापन भी किया जायेगा, मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक योजना नंदबाबा दुग्ध मिशन के अन्तर्गत गिर, साहीवाल, हरियाणा, गंगातीरी एवं थारपारकर की नस्ल की दुधारू गायों पर लाभ दिया जायेगा। उन्होनंे नस्ल में सुधार एवं दुग्ध उत्पादकता में वृद्धि हेतु शासन द्वारा चलायी जा रही मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशु पालक प्रोत्साहन योजना के क्रियान्वयन एवं प्रचार के निर्देश देते हुये कहा कि विभागीय अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में इस योजना के सम्बन्ध में पशुपालकों को विस्तार से जानकारी दें, उन्हें योजना का लाभ लेने हेतु प्रेरित करें। उन्होने कहा कि इस योजना के अन्तर्गत स्वदेशी गायों की नस्ल में सुधार लाया जायेगा, ताकि दूध का उत्पादन बढ़ाया जा सके, पशुपालकों की आय में वृद्धि हो साथ ही पशुपालक के जरिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये जाऐगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. विनय कुमार, उप दुग्धशाला विकास अधिकारी अतुल कुमार सिंह, महा प्रबन्धक पराग डेयरी संजय सिंह, सहायक अर्थ एवं संख्याधिकारी मुनीष, समस्त खंड विकास अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।