मैनपुरी 29 अक्टूबर, 2021- निवर्तमान जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने विदाई समारोह में कहा कि सरकारी अधिकारी, कर्मचारी पैसे की तरफ न भागंे, धन की लालसा हमेशा परेशानी पैदा करती है, प्रतिदिन किसी एक व्यक्ति की मदद अवश्य करें, पात्रों तक संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोग दें, जरूरतमंद, पात्र व्यक्तियों की मदद करने से मन को शांति मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनपद में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों ने संकटकाल में टीम भावना से कार्य किया, कोविड-19 संक्रमण काल में सभी ने किसी न किसी रूप से एक दूसरे की मदद की, लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट था लेकिन सबने एक दूसरे का सहयोग किया, सभी अधिकारियों, कर्मचारियों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्रों तक पहुंचाने की दिशा में कार्य किया, जनपद के सभी अधिकारी, कर्मचारी बधाई के पात्र है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार राय ने कहा कि निवर्तमान जिलाधिकारी सहज-सरल हृदय, अपने कार्यों के प्रति बेहद संवेदनशील थे, शासकीय कार्यों के साथ-साथ प्रतिदिन भ्रमण करना, ज्वर से पीड़ित मरीजों का जिला चिकित्सालय में जाकर हाल-चाल लेना, निर्धारित तिथियों पर अपने न्यायालय में बैठकर वादों को सुनना, जन समस्याओं के गुणवत्तापरक, समयबद्ध निराकरण के लिए पूरी तरह संवेदनशील रहना उनका व्यक्तित्व दर्शाता है। मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार ने कहा कि उन्होंने चिकित्सा, राजस्व, विकास आदि के क्षेत्र में कार्य किया, सभी विभागों में समन्वय स्थापित कर संचालित योजनाओं का धरातल पर क्रियान्वयन कराया। अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र ने कहा कि जिलाधिकारी में दुर्लभ गुण हैं, सहज-सरल अधिकारियों, कर्मचारियों से सीधे संवाद करने के कारण लोकप्रियता बढ़ी, जन-मानस में भी कार्यशैली के कारण लोकप्रिय हुए। क्षेत्राधिकारी नगर अभय राय, क्षेत्राधिकारी भोगांव अमर बहादुर सिंह, एल.बी.सी. वीरेश पाठक आदि ने भी विचार व्यक्त किए, कार्यक्रम का संचालन उत्तम कुमार तिवारी ने किया।
विदाई समारोह में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.पी. सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी श्यामलाल जयसवाल सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।



