जन समस्याएं सुनते पर्यटन मंत्री 1

मैनपुरी 30 सितंबर, 2023- पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के समक्ष जन-सुनवाई के दौरान जब अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से ग्राम प्रधान जसरऊ लक्ष्मी ने बताया कि ग्राम में स्थित चारागाह की भूमि गाटा संख्या-683 रकवा 50 बीघा की भूमि में से 25 बीघा पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा किया गया है, चारागाह की भूमि पर किए गए अनाधिकृत कब्जे को हटवाकर गांव में संचालित गौशाला से सबद्ध कराये जाने की मांग की, जिस पर उन्होंने उप जिलाधिकारी को आदेशित करते हुए कहा कि तत्काल शिकायत की जांच कर चारागाह की भूमि से अनधिकृत कब्जा हटवाकर भूमि को संचालित गौ-आश्रय स्थल से अटैच किया जाए, चारागाह की भूमि में गौशाला में संरक्षित गौवंश हेतु हरे चारे की बुवाई कराई जाए, नगला गुढ़ी, घिरोर नि. सुरेश ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि उनको आवंटित पट्टे की भूमि पर अनधिकृत कब्जा किया है, जिस पर उन्होंने उप जिलाधिकारी घिरोर को तत्काल पट्टे की पैमाइश कराकर अनाधिकृत कब्जा हटाए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि कहीं भी सार्वजनिक भूमि यथा चकरोड़, तालाब, चारागाह, विद्यालय की भूमि, ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जा न रहे, अनाधिकृत रूप से कब्जा करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध भू-माफिया के तहत प्रभावी कार्यवाही की जाए, एक बार अनाधिकृत कब्जे को हटवाने के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाए तो उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराकर दण्डात्मक कार्यवाही की जाए, किसी भी गरीब, कमजोर व्यक्ति की भूमि पर कोई दबंग काबिज न रहे सुनिश्चित किया जाए।
पर्यटन मंत्री ने अकबरपुर नि. बृजेश यादव द्वारा भूमिहीन होने की दशा में आवासीय पट्टा आवंटन कराये जाने के संबंध में प्रस्तुत प्रार्थना पत्र पर उप जिलाधिकारी सदर से कहा कि पट्टा आवंटन में निर्धारित नियमों, शर्तों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, भूमिहीन व्यक्तियों को पट्टा आवंटन में प्राथमिकता, वरीयता दी जाए। उन्होंने कहा कि जिन पात्रों को पट्टा आवंटित किए गए हैं, आवंटित पट्टों पर पट्टेदार ही काबिज रहे, क्षेत्रीय लेखपाल सुनिश्चित करें। उन्होंने जन-सुनवाई के दौरान कहा कि अधिकारी जन-शिकायतों के त्वरित, समयबद्ध निराकरण के लिए संवेदनशील रहें, किसी भी प्रार्थना पत्र को अकारण अपने यहां लंबित न रखें बल्कि तत्काल समस्या का निदान कर फरियादी को राहत प्रदान करें।
जन-सुनवाई के दौरान उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार के अलावा जिलाध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी, उदय चौहान, विकास चौहान, पीयूष चंदेल आदि उपस्थित रहे।