
मैनपुरी 14 सितम्बर, 2023- जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने ’’आयुष्मान भव’’ के अंतर्गत दि. 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा पखवाड़े के सफल आयोजन के संबंध में अन्तर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक में उपस्थित स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, नगर विकास के अधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान भव 3.0 भारत सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी, जनोपयोगी, सबसे बड़ी लाभार्थी परक योजना है, इस योजना के अंतर्गत पात्र गोल्डन कार्ड धारक को पूरे वर्ष में असाध्य बीमारियों से ग्रसित होने पर रू. 05 लाख तक के निःशुल्क इलाज की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भव योजना के अंतर्गत सेवा पखवाड़े में पांच घटक आयोजित होने हैं, जिसमें सबसे महत्वपूर्ण घटक 17 सितंबर से प्रारंभ होगा, इसके तहत आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, एएनएम, अन्य ग्राम स्तरीय कर्मचारी घर-घर जाकर गोल्डन कार्ड से वंचित पात्र व्यक्तियों के गोल्डन कार्ड बनवाने में सहयोग करेंगे, दि. 17 सितंबर से ही विशेष स्वच्छता पखवाड़ा का शुभारंभ होगा, प्रतिदिन रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
श्री सिंह ने खंड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, जिला पंचायत राज अधिकारी को आदेशित करते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान के अंतर्गत वृहद स्तर पर सवाई अभियान संचालित कराया जाए। उन्होंने प्र. चिकित्साधिकारियों से कहा कि ग्राम पंचायत सदस्यों, जन आरोग्य समिति, रोगी कल्याण समिति के सहयोग से स्वास्थ्य केन्द्रों की साफ-सफाई, बेहतर रख-रखाव, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करायें, आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने प्र. चिकित्साधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कल शाम तक आयुष्मान भव की कार्य योजना तैयार कराकर नोडल अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा को उपलब्ध कराना सुरक्षित करें, कार्य योजना के तहत प्रत्येक दिन की गतिविधि संचालित कर रिपोर्ट मुख्य चिकित्साधिकारी को उपलब्ध करायें, मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यक्रमों की फीडबैक, योजना के सफल संचालन हेतु अपने कार्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना कराना सुनिश्चित करें। उन्होने खंड विकास अधिकारियों, अधिशाषी अधिकारी नगर निकाय, प्र. चिकित्साधिकारियों से कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत, वार्ड में योजना के अन्तर्गत 05 घटकों का भलिभांति क्रियान्वयन कराकर सभी विन्दुओं से संतृप्त करायें, शत-प्रतिशत संतृप्त होने वाली ग्राम पंचायतों, वार्डों को आयुष्मान ग्राम पंचायत, आयुष्मान वार्ड चयनित कर पुरूस्कृत किया जायेगा।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक से कहा कि स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत जनपद के प्रत्येक प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक विद्यालयों में प्रतिदिन सुमन-के पद्धति से छात्र-छात्राओं के हैंडवॉश कार्यक्रम संपादित करायें, खंड विकास अधिकारी प्रत्येक ग्राम पंचायत में हैंडवॉश का आयोजन करना सुनिश्चित करें, भलीभांति हाथ धोने से तमाम प्रकार की बीमारियों से बचा जा सकता है इसके बारे में भी स्वास्थ्य विभाग के कमÊ अभियान के दौरान लोगों को जागरूक करें। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी से कहा कि अगले दो दिन में 6 या 6 से अधिक यूनिट वाले पात्र गृहस्थ राशन कार्ड धारकों की सूची विकास खंडवार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, प्र. चिकित्साधिकारी, अन्य संबंधित अधिकारी ग्राम प्रधान, कोटेदार का सहयोग लेकर प्रत्येक ग्राम पंचायत सचिवालय पर सेवा पखवाड़े के अंतर्गत अवशेष पात्र व्यक्तियों के गोल्डन कार्ड बनवाने में अपना सहयोग दें, अवशेष व्यक्तियों को आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, सेक्रेटरी, लेखपाल सहित अन्य ग्राम स्तरीय कर्मचारी ग्राम पंचायत सचिवालय तक लाने में अपना सहयोग दें ताकि अभियान के दौरान प्रत्येक पात्र व्यक्ति का गोल्डन कार्ड बन सके। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर पर आयुष्मान भव के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रम भव्यता के साथ आयोजित करायें, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय शहरी क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में कार्यक्रम आयोजित करना सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, उपयुक्त मनरेगा पी.सी. राम, उपयुक्त एन.आर.एल.एम. शौकत अली, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. सत्येंद्र कुमार, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. मदनलाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुप्रिया गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक सुधीर कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन अंसारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपिका गुप्ता, समस्त खंड विकास अधिकारी, प्र. चिकित्साधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, अन्य संबंधित अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक आदि उपस्थित रहे।



