
मैनपुरी 28 अगस्त, 2023- जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति, मिड-डे-मील टास्क फोर्स बैठक की समीक्षा के दौरान जनपद के प्राथमिक विद्यालयों के 03 शिक्षक, प्राथमिक विद्यालय चनेपुर-छबीलेपुर की प्रधानाध्यापिका मयंका शर्मा, प्राथमिक विद्यालय रजवाना के शिक्षक मो. इशरत, कंपोजिट विद्यालय नाहिली के शिक्षक महेंद्र प्रताप को निपुण मैसेंजर के रूप में तैनात करते हुए कहा कि इन शिक्षकों द्वारा अपने तैनाती विद्यालय में बेहतर शिक्षण कार्य के साथ-साथ विद्यालय में शैक्षिक वातावरण सृजन करने, विद्यालय में मूल-भूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में अपना बेहतर योगदान दिया है, ऐसे शिक्षकों की बौद्धिक क्षमता, उनकी योग्यता का लाभ अन्य प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को मिले, इसके लिए सप्ताह में एक बार तैनाती स्थल के आस-पास के 04-05 विद्यालयों में भेजकर वहां के छात्रों, अध्यापकों को पे्ररित किया जाए, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी उक्त तीनों शिक्षकों का साप्ताहिक रोस्टर तैयार कर चिन्हित विद्यालय में जाने के लिए वाहन की सुविधा मुहैया करायें।
श्री सिंह ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को मध्यान्ह भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार पूर्ण गुणवत्ता के साथ उपलब्ध कराया जाये, निर्धारित दिवस को निर्धारित मात्रा में शुद्ध, ताजा दूध एवं ताजे फल छात्रों को उपलब्ध कराये जायें, किचिन में साफ-सफाई के बेहतर प्रबन्ध हों। उन्होने खंड शिक्षाधिकारियों को आदेशित करते हुये कहा कि नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण कर विद्यालयों में शैक्षिक वातावरण सुधारने की दिशा में कार्य करें, सभी शिक्षक समय से विद्यालय में उपस्थित होकर बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करें, छात्रों को संस्कारवान बनाने में अपना योगदान दें। उन्होने कहा कि जनपद में संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का महिला अधिकारी नामित कराकर नियमित रूप से निरीक्षण कराया जाये, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में बालिकाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहें,
जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान पाया कि जनपद में 19 नवीन प्राथमिक विद्यालयों के भवन निर्माण का कार्य प्रगति पर है, जिसमें कुरावली, मैनपुरी में 05-05, किशनी में 03, बेवर में 02 एवं घिरोर जागीर में 01-01 नवीन विद्यालय भवन निर्माण का कार्य प्रगति पर है, जिस पर उन्होंने संबंधित खंड शिक्षाधिकारियों को आदेशित करते हुए कहा कि अपने-अपने क्षेत्र के निर्माणाधीन नवीन भवनों का समय-समय पर निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता देखें। उन्होंने कार्यदायी संस्था पैक्सफेड के परियोजना प्रबंधक को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें, किसी भी दशा में गुणवत्ता से समझौता न किया जाए, जनपद स्तर पर गठित टेक्निकल टीम से भी निर्माणाधीन कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई जाए।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार ने ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालयों के संतृप्तीकरण की विकास खंडवार गहन समीक्षा करने पर विकास खंड करहल क्षेत्र के विद्यालयों में दिव्यांग शौचालय की सबसे खराब प्रगति पाए जाने पर खंड शिक्षाधिकारी करहल का तत्काल प्रभाव से वेतन रोके जाने के निर्देश देते हुए खंड विकास अधिकारियों, खंड शिक्षाधिकारियों से कहा कि आपस में समन्वय स्थापित कर अपने-अपने क्षेत्र के प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय को 19 बिंदुओं में संतृप्त करना सुनिश्चित करें, अभी प्रत्येक विकास खंड में कुछ विद्यालय दिव्यांग शौचालय से संतृप्त नहीं है, कुछ विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन, कुछ में बालक-बालिका शौचालय का कार्य अपूर्ण है, इसे तत्काल पूर्ण कराया जाए, जिन विद्यालयों में अभी तक दिव्यांग शौचायलय के निर्माण का कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, संबंधित खंड विकास अधिकारी प्रत्येक दशा में 31 अगस्त तक कार्य प्रारंभ कराकर खंड शिक्षाधिकारी के माध्यम से जियो टैग फोटोग्राफ्स उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार निर्देशों के बाद भी विद्यालयों में मूल-भूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, डिप्टी कलेक्टर सुप्रिया गुप्ता, सै. सानिया सोनम एजाज, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. सत्येन्द्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक सुधीर कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन असंारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी महेन्द्र, समस्त खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षाधिकारी, अधिशाषी अधिकारी नगर निकाय आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन जिला बेसिक शिक्षाधिकारी दीपिका गुप्ता ने किया।



