मैनपुरी 10 अगस्त, 2023- स्वाधीनता के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित अमृत महोत्सव कार्यक्रम के समापन समारोह के तहत अन्तर्गत ’’मेरी माटी-मेरा देश’’ कार्यक्रम के तहत आज दूसरे दिन राजकीय इंटर कॉलेज से पंचायती राज विभाग के कार्मिकों, योजनाओं के लाभार्थियों की जन-जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाते हुए जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कहा कि को देश को गुलामी की जंजीरों से मुक्त करने के लिए अनगिनत वीर-सपूतों ने तमाम यातनाएं झेलने के उपरांत अपने प्राणों की आहुति देकर हमें आजादी की खुली हवा में जीने का अधिकार दिलाने का कार्य किया, आज हम उन्ही वीर शहीदों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदानों के फलस्वरुप आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्र भक्तों को नमन करने और उनकी स्मृतियों को दिल में संजोने और उनके व्यक्तित्व से प्रेरणा लेकर युवाओं को उनके बलिदान एवं देश भक्ति के बारे में बताने, हर वर्ग, समुदाय को अपने राष्ट्र के प्रति कृत संकल्पित करने के लिए ग्राम पंचायत से लेकर नगर पंचायत, तहसील स्तर, जिला स्तर पर ’’मेरी माटी-मेरा देश’’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
श्री सिंह ने कहा कि आजादी के अमृतकाल में मिट्टी को नमन, वीरों का वन्दन संदेश के साथ ’’मेरी माटी-मेरा देश’’ के तहत आयोजित कार्यक्रमों में अपनी मातृभूमि, महापुरूषों, शहीदों एवं स्वतंत्रता सैनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का शौभाग्य मिला है, सभी जनपदवासी इस अभियान से जुड़कर देश पर कुर्बान होने वाले वीर-सपूतों को याद करें, आयोजित कार्यक्रमों में बढ़चढ कर प्रतिभाग करें, पूरे जनपद में आजादी के उत्सव का माहौल दिखे, प्रत्येक वर्ग-धर्म-सम्प्रदाय के बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक कार्यक्रमों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर देश की राष्ट्रीय एकता, सौहार्द का परिचय दें। उन्होने कहा कि सरकार की ओर से पंच प्रण की जो अवधारणा तय की गयी है, उसके अनुसार कुल 05 लक्ष्यों को प्रण के रूप में तय किया गया है, इसके अन्तर्गत ’’विकसित भारत का लक्ष्य’’, ’’गुलामी के हर अंश से मुक्ति’’, ’’अपनी विरासत पर गर्व’’, ’’एकता व एक जुटता तथा नागरिकों में कर्तव्य की भावना’’ यह वह लक्ष्य हैं जिनकों लक्षित करके पंच प्रण की अवधारणा को अंगीकार किया गया है, सभी नागरिकों में स्वाधीनता की भावना विकसित करनें, देश की उन्नति, विकास को गति देने के लिए सभी के मन में देशभक्ति की भावना को विकसित करनें का कार्य होगा।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार ने कहा कि ’’मेरी माटी-मेरा देश’’ कार्यक्रम के तहत आयोजित रैलियों से जनपदवासियों में देश की आजादी के लिए दिये गये वलिदानों का एहसास होगा, जनपद के बच्चों, युवा वर्ग को स्वाधीनता पाने के लिए चलाये गये विभिन्न आन्दोलनों, आजादी पाने के लिए झेली गयीं यातनाओं की जानकारी मिलेगी, अपने वीर सैनानियों, शहीदों से प्रेरणा लेकर यही बच्चे देश को विकास के पथ पर आगे ले जाने का कार्य कर अपने शहीदों को सच्ची श्रृद्धांजलि अर्पित करेंगे। उन्होंने जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 13 अगस्त से 15 अगस्त 2023 तक अपने घरों, भवनों में अनिवार्य रूप से तिरंगा झंडा फहराकर ’’हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दें, ’’मेरी माटी-मेरा देश’’ के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में हर्षाेल्लास के साथ अपनी भागीदारी सुनिश्चित करायें।
इस दौरान उपायुक्त मनरेगा पी.सी.राम, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. शौकत अली, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी तुलसी राम के अलावा पंचायती राज विभाग के कार्मिक, समन्वयक, बड़ी संख्या में प्रतिभागी लाभार्थी आदि उपस्थित रहे। जागरूकता रैली राजकीय इं.का. से प्रारंभ होकर आगरा गेट पुलिस चैकी, बड़ा चैराहा, संता-बंसता चैराहा, क्रिश्चियन तिराहा, बस स्टेण्ड होते हुये तहसील सदर से ईसन नदी चैराहा होते हुये खंड विकास कार्यालय पर समाप्त हुयी।