मैनपुरी-(सूवि) 08 अगस्त, 2022 जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने ’’मेरी माटी-मेरा देश’’, ’’आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष के समापन’’, ’’हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम की तैयारियों के सम्बन्ध में आयोजित बैठक में कहा कि सम्बन्धित अधिकारी सभी तैयारियां आज सायं तक प्रत्येक दशा में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को भव्यता के साथ संपन्न करायें, कार्यक्रम की सफलता के लिये जिन विभागो को जो दायित्व सौंपे गये हैं, उन दायित्वों को पूरी तन्मयता एवं संवेदनशीलता के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित करेें। आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जन सहभागिता सुनिश्चित की जाय, ‘‘मेरी माटी, मेरा देश’’ कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत से लेकर क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत, नगर निकाय, जिला मुख्यालय, जनपद के समस्त प्राथमिक, माध्यमिक, महाविद्यालयों, प्राविधिक शिक्षा के विद्यालयों में पूरे हर्षाेल्लास के साथ मनायें जायें, 09 अगस्त को अमृत सरोवर, शहीद पार्को पर शिलाफलकम् (शिलापट) स्थापित किया जाये, जिसमें स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों और नायकों के नाम अंकित किए जायें, कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले लोग गांव के शहीद के घर, पवित्र स्थान, बाग आदि से एक मुट्ठी मिट्टी लेकर पंच प्रण की शपथ लें, उक्त कार्यक्रम की सामूहिक सेल्फी लेकर बेवसाइट पर अपलोड की जाये, प्रत्येक ग्राम पंचायत में 75 स्वदेशी पौधों का रोपण करते हुये अमृत वाटिका विकसित की जायें।
श्री सिंह ने कहा कि अमृत महोत्सव के अन्ततर्गत इस बार स्वतंत्रता दिवस ’’मेरी माटी-मेरा देश’’ थीम पर आयोजित होगा, इसके अन्तर्गत जनपद स्तर पर 09 अगस्त से 16 अगस्त तक ग्राम पंचायत स्तर से लेकर जिला मुख्यालय स्तर पर प्रतिदिन कार्यक्रम आयोजित होंगें। उन्होंने जनपद के प्रत्येक नागरिक से अपील करते हुए कहा कि इस अभियान में बढ़-चढकर हिस्सा लें तथा कार्यकम्र को सफल बनाने में अपनी भूमिका अदा करें, अभियान को भव्यता प्रदान करने हेतु सभी कार्यालयाध्यक्ष अपने-अपने अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ राष्ट्रीय गान गाकर कार्याे की शुरूआत करें। कलशम के अन्तर्गत सभी ग्राम पंचायतों पर युवक मंगल दलों की कार्य योजना बनायी जाये। उन्होने कहा कि ’’हर घर तिरंगा’’ के अन्तर्गत समस्त सरकारी, अर्द्धसरकारी कार्यालयों, शैक्षिक संस्थाओं, गैर सरकारी संगठनों, जनपद के समस्त घरों, दुकानों, पैट्रोल पंप, होटलों, सरकारी राशन की दुकानों आदि पर झंडा फहराया जाये, झंडा फहराये जाने के दौरान झंडा संहिता का पालन किया जाये, विद्यालयों में राष्ट्रीय गीत, राष्ट्र धुन आदि कार्यक्रम आयोजित करायें जायें।
जिलाधिकारी ने कहा कि ’’मेरी माटी-मेरा देश’’ के अन्तर्गत अमृत कलश यात्रा आयोजित होगी, आजादी के नायकों पर आधारित एकल अभिनय प्रतियोगिता, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अथवा शहीद सैनिकों के परिजनों का सम्मान, विद्यालयों में शैक्षिक प्रतियोगिता, राष्ट्रभक्ति पूर्ण सांस्कृतिक संध्या, शहीद स्मारक स्थलों पर पुलिस अथवा पीएससी बैंड द्वारा राष्ट्रभक्ति गीतों की धुनों का वादन, समस्त सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में माटी गीत का सस्वर गायन, नागरिक संगठनों, उद्योग व्यापार मंडल, नागरिक सुरक्षा संगठन, एनसीसी, एनएसएस, एनवाईकेएस के स्वयंसेवकों द्वारा प्रभात फेरी व तिरंगा यात्रा, जनपद के शहीद स्मारकों पर स्वच्छता अभियान, स्थानीय कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक एवं राष्ट्रभक्ति पूर्ण सांस्कृतिक आयोजन आदि कार्यक्रम आयोजित किये जायेगे। कार्यकम में बताया गया कि ’’मेरी माटी-मेरा देश’’, ’’आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष के समापन’’, ’’हर घर तिरंगा’’ के उपलक्ष्य में दि. 09 अगस्त को रैली का आयोजन किया जायेगा, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के कक्षा 09 से 12 तक के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा, रैली राजकीय इंटर काॅलेज आगरा रोड से बड़ो चैराहा, क्रिश्चियन तिराहा, रोडवेज बस स्टेण्ड, आर.सी. काॅलेज, ईसन नदी पुल होते हुये लोहिया पार्क पर समाप्त होगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता, उपायुक्त एनआरएलएम, उपायुक्त मनरेगा, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशाषी अधिकारी नगर निकाय सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।