
मैनपुरी 07 अगस्त, 2023- मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में कहा कि जनपद में दि. 09 अगस्त से 16 अगस्त तक उत्सव का माहौल दिखे, ग्राम पंचायत से लेकर नगरीय क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड, जिला स्तर तक प्रतिदिन ’’मेरी माटी-मेरा देश’’ थीम पर कार्यक्रम आयोजित कराये जायें, जनपद के प्रत्येक विद्यालय में प्रतिदिन देशभक्ति पर आधारित कोई न कोई कार्यक्रम अवश्य आयोजित कराया जाए, आयोजित होने वाले कार्यक्रम पूरी भव्यता, गरिमा के साथ आयोजित हों, प्रत्येक कार्यक्रम में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए, दि. 13, 14 एवं 15 अगस्त को जनपद के प्रत्येक घर पर राष्ट्र की शान तिरंगा फहरे, प्रत्येक घर तक किसी न किसी माध्यम से तिरंगा पहुंचाया जाए, सभी जनपदवासी अपनी स्वेच्छा से आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में प्रतिभाग करें। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में आयोजित ’’मेरी माटी-मेरा देश’’, ’’हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम में मातृभूमि के वीर सपूतों, स्वतंत्रता संग्राम के जाने-अनजाने सेनानियों के योगदान से प्रेरणा लेने का सुनहरा मौका है, अपने गौरवमयी इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम के दौरान विभिन्न आंदोलनों की जानकारी युवा पीढ़ी को हो, इसके लिए सभी अधिकारी पूर्ण मनोयोग से कार्यक्रम आयोजित कराएं।
श्री कुमार ने बैठक में उपस्थित जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को निर्देशित करते हुये कहा कि दि. 09 अगस्त से 30 अगस्त तक प्रत्येक प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक विद्यालयों में ’’मेरी माटी-मेरा देश’’ पर आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित करायी जायें, प्रतिदिन छात्रों को शहीदों की जीवनी को पढ़ाया जाये, ’’माई स्कूल-क्लीन स्कूल’’ कैम्पेन चलाया जाये, प्रतिदिन प्रभात फेरी, तिरंगा फेरी आयोजित हो ताकि गांव से लेकर शहर तक उल्लास दिखे, विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा छात्र-छात्राओं को आजादी दिलाने के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर-सपूतों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की वीर गाथाओं को बताया जाये ताकि बच्चों को अपने गौरवमयी इतिहास की जानकारी हो सके। उन्होने कहा कि दि. 09 अगस्त को जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देशन में सम्पूर्ण जनपद में प्रभात फेरी का आयोजन कराया जायेगा, दि. 10 अगस्त को पंचायत राज विभाग द्वारा प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर रैली आयोजित होंगी, दि. 11 अगस्त को ग्राम्य विकास विभाग द्वारा रैलियों का आयोजन होगा, दि. 12 अगस्त को जिला मुख्यालय पर विभिन्न विभागों यथा युवा कल्याण, नेहरू युवा केन्द्र, एनसीसी, एनएसएस, स्काउड, कृषि, बाल विकास एवं पुष्टाहार, विभिन्न विद्यालयों के छात्रों की जागरूकता रैली आयोजित होगी। उन्होने बताया कि दि. 13, 14 एवं 15 अगस्त को हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन होगा, इस अभियान के तहत जनपद के प्रत्येक घर पर ध्वज फहरे।
बैठक में परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. सत्येंद्र कुमार, उपायुक्त एन.आर.एल. एम. शौकत अली, जिला विद्यालय निरीक्षक सुधीर कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी तुलसी राम, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नेहा पाण्डेय, उपायुक्त उद्योग उत्कर्ष चन्द्र, डी.ओ. पी.आर.डी. विकास यादव, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डा. सरिता सिंह आदि उपस्थित रहे।


