
मैनपुरी 21 जून, 2023- पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने नवमें योग दिवस के पावन अवसर पर कृष्णा मैरिज हाॅम में आयोजित योग शिविर को सम्बोधित करते हुये कहा कि पूरा देश अपने आप में गौरवान्वित महसूस कर रहा है, हमारे देश के मा. प्रधानमंत्री जी ने पूरे विश्व के तमाम देशों का योग करके पूरे विश्व का नेतृत्व करने का कार्य किया हैं। उन्होने कहा कि 09 वर्ष पूर्व साल का सबसे बड़ा दिन 21 जून को योग दिवस के रूप में पूरे विश्व ने योग दिवस मनाने का संकल्प लिया। उन्होने कहा कि भारत के द्वारा किये गये प्रयास के फलस्वरूप पूरे विश्व में योग को मान्यता मिली, पूरा विश्व योग के साथ खड़ा हुआ, यह भारत की विश्वगुरू बनने की ओर बढ़ते कदमों की सफलता का प्रमाण है। उन्होने कहा कि हम सबका सपना है कि आजादी के अमृत महोत्सव के काल 2047 तक हमारा देश पुनः विश्वगुरू बने, विकासशील भारत से विकसित भारत बने, यह तभी संभव होगा, जब देश में रहने वाला प्रत्येक नागरिक योगी बने, योग के द्वारा निःरोगी जीवन के साथ-साथ स्वच्छ मन, विचार के साथ देश की तरक्की में अपनी महति भूमिका अदा करे। उन्होने कहा कि योग ऐसी पद्धति है जिसकेे आधार पर न सिर्फ हम निःरोगी रह सकते हैं बल्कि हम स्वस्थ विचार, स्वस्थ शरीर के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन में भूमिका अदा कर सकते हैं।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि मा. योगी जी योग की अपार ऊर्जा के साथ प्रदेश का, मा. मोदी जी देश का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसके पीछे का प्रेरणा श्रोत यही योग है, इसी योग की वजह उनमें इतनी ऊर्जा, सकारात्मक सोच है। उन्होने कहा कि योग पद्धति को दुनिया के लोग सम्मान दे रहे हैं, अपने आप को स्वस्थ रखने के लिए नियमित योग कर रहे हैं, यह हम सब देशवासियों के लिए गौरव की बात है, नियमित योग से मानसिक स्वास्थ्य, भौतिक स्वास्थ्य को फायदा मिलता है, जिससे हमारे मन-मस्तिक को लाभ पहुंचता है, अपने आप को तंदुरुस्त रखने के लिए योग से अच्छी दुनिया में कोई पद्धति नहीं है, इस बात को विश्व ने माना है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित योग शिविर को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कहा कि योग भारतवर्ष की सबसे प्राचीन पद्धति है, मा. प्रधानमंत्री जी की पहल, अथक प्रयासों के फलस्वरूप आज भारत वर्ष की प्राचीनतम पद्धति को विश्व में पहचान मिली है, आज पूरे विश्व के अधिकांश देशों में योग को अपनाकर लोग स्वास्थ्य लाभ पा रहे हैं, विश्व के अधिकांश लोगों का मानना है कि भारतवर्ष की प्राचीन योग पद्धति आरोग्य, लंबी आयु, सुखमय जीवन प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज पूरे भारत में शहर से लेकर गांव तक, प्राथमिक विद्यालयों से लेकर माध्यमिक, महाविद्यालयों तक योग अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतवासी वर्षों से स्वांस पर आधारित योग को अपना रहे हैं, विभिन्न योग क्रियाओं के माध्यम से अपने शरीर को निरोगी रख दीर्घ आयु प्राप्त कर रहे हैं, आज भी हमारे धर्म गुरु, अध्यात्मिक मास्टर आर्ट ऑफ लिविंग के रूप में योग की अलग-अलग पद्धतियों को लेकर आमजन तक पहुंचा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों का जीवन निःरोगी बन सके। उन्होंने कहा कि मन की एकाग्रता, अनुशासन, आचरण योग की विशेषता है, हमारे देश की मूल संस्कृति आचरण की सभ्यता है, योग पद्धति बच्चों के भीतर बुनियादी, नैतिक संस्कार विकसित करने में सहायक है। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से जीवन, स्वास्थ्य को दुरुस्त कर निःरोगी जीवन जीकर देश, समाज, परिवार की लंबे समय तक सेवा कर सकते हैं, योग बिना किसी खर्चे के बेहतर स्वास्थ प्रदान करने का माध्यम है, सभी लोग प्रतिदिन प्रातः कम से कम 40 मिनट योग क्रिया कर अपने शरीर को स्वस्थ, निरोगी रख सकते हैं, मन की शांति, प्रसन्नता के लिए नियमित राजयोग अपनाएं और खुशहाल जीवन-यापन करें। उन्होने कहा कि नियमित रूप से योग करने से मन-मस्तिष्क चुस्त-दुरुस्त रहता है तमाम प्रकार की बीमारियों में काफी लाभप्रद है, अनुलोम-विलोम, प्रणायाम जैसे श्वसन संबंधी क्रियायें भी काफी लाभप्रद है।
जिलाध्यक्ष प्रदीप चैहान ने कहा कि योग निश्चित ही हमारे स्वास्थ्य, शारीरिक, मानसिक स्वास्थ्य, निःरोगी काया के लिए आवश्यक है, निःरोगी रहने से हमारी आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होती है, हम छोटी-छोटी बीमारियों से ह्यूमिनीटी पावर की बजह से बच जाते हैं। उन्होने सभी का आव्हान करते हुये कहा कि योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करें, आन्दोलन के रूप में योग को समाज में लेकर जायें।
योग दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, उप जिलाधिकारी सदर नवोदिता शर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राजीव राय, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, उदय चैहान, जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, अधिशाषी अभियंता नलकूप नेकीराम, जिला प्रोेबेशन अधिकारी अजय पाल सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डा. सरिता सिंह, पतंजलि योगपीठ के पदाधिकारी, योगाचार्य धीरेन्द्र फौजी, अजय सिंह चैहान, शैफाली सक्सैना, अजय, आराधना सक्सैना, ज्ञान कुमारी, गीता मौर्या, दागश्री, कुसुम श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे, भारत स्वाभिमान प्रभारी चन्द्र प्रकाश ने योग पर विस्तार से जानकारी दी, योग शिविर का संचालन डा. चन्द्र मोहन सक्सैना ने किया।



