मैनपुरी 06 जून, 2023- जिला मजिस्ट्रेट, जिला निर्वाचन अधिकारी जिला योजना समिति अविनाश कृष्ण सिंह ने बताया कि उ.प्र. जिला योजना समिति नियमावली-2008 के अनुसार नगरीय निकाय के नव-निर्वाचित सदस्यों में से जिला योजना समिति के लिए निर्धारित समय सारणी के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न करायी जाएगी। उन्होंने बताया कि 17 जून को पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 04 बजे तक नामांकन, दि. 17 जून को ही अपरान्ह 04 बजे से कार्य समाप्ति तक प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच होगी, दि. 21 जून को पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 03 बजे तक उम्मीदवारी वापस ली जा सकेगी, दि. 25 जून को पूर्वान्ह 08 बजे से अपरान्ह 03 बजे तक मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी और उसी तिथि यानि दि. 25 जून को अपराह्न 03 बजे से कार्य की समाप्ति तक मतगणना का कार्य संपादित होगा।
श्री सिंह ने बताया कि नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के निर्वाचित सदस्यों में से जिला योजना समिति के लिए 03 पदों के लिए निर्वाचन होना है, जिसके लिए 01 पद अनारक्षित महिला, 01 पद अनुसूचित जाति एवं 01 पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। उन्होंने बताया कि जिला योजना समिति के सदस्यों की नामांकन, नामांकन पत्रों का विक्रय, नामांकन पत्रों के दाखिल करने, जांच, उम्मीदवारी वापस लेने का कार्य तथा मतों की गणना जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय कलेक्ट्रेट में सम्पादित होगी।