
मैनपुरी 03 जनवरी, 2023- ग्रामीण शासन की संचालित जन-कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी करें और उनका लाभ लें, स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत बने शौचालयों का प्रयोग करें, खुले में किसी भी दशा में शौंच न करें, खुले में शौंच करने से सबसे ज्यादा छोटे बच्चे प्रभावित होते हैं और वह तमाम बीमारियों से ग्रसित हो सकते हैं, नियमित रूप से अपने बच्चों को विद्यालय भेजें, जानलेवा बीमारी से बचाव हेतु जीरो से 05 वर्ष तक के बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं, 60 वर्ष की आयु के लोग कोविड-19 से बचाव हेतु बूस्टर डोज अवश्य लगवाएं, गांव की महिलाएं संचालित स्वयं सहायता समूह से जुड़े और लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़े ताकि आर्थिक स्थिति में सुधार हो। सभी ग्रामीण अपने पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण कराएं, कोई भी व्यक्ति गोवंश को निराश्रित न छोड़े, गौवंश सहभागिता योजना में संचालित गौ-आश्रय स्थल से गौवंश प्राप्त करें, उनके दूध का प्रयोग करें साथ ही रू. 900 प्रतिमाह भी पाएं।
उक्त उद्गार जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने विकास खंड बेवर के ग्राम श्यामपुर भटपुरा में आयोजित ग्राम चौपाल कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों से संचालित योजनाओं का फीडबैक लेते हुए व्यक्त किए। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद के दौरान भूमि विवाद के कई प्रकरण पाये जाने, चकरोड पर अनाधिकृत कब्जे की शिकायत पर क्षेत्रीय लेखपाल को कारण बताओ नोटिस जारी करने, नायब तहसीलदार, कानूनगो भोगांव को आज ही गांव में रुककर भूमि संबंधी प्राप्त विवादों का निस्तारण कर आख्या उपलब्ध कराने, गठित स्वयं सहायता समूह के सही ढंग से क्रियान्वयन न होने, समूह से जुड़ी महिलाओं को योजना के बारे में जानकारी उपलब्ध न कराने, कार्यों में शिथिलता बरतने पर डी.एम.एम., बी.एम.एम. को चेतावनी जारी करने, आंगनवाड़ी केन्द्र में पंजीकृत बच्चों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध न कराने पर आंगनवाड़ी कार्यकत्री का स्पष्टीकरण प्राप्त कर सभी पंजीकृत बच्चों, गर्भवती, धात्री महिलाओं को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराये जाने, विद्यालय से अनुपस्थित सहायक अध्यापिका रीता कुमारी, सहायक अध्यापक पंकज कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।
श्री सिंह ने उप जिलाधिकारी भोगांव से कहा कि गांव में आरक्षित खेल की भूमि की पैमाइश कराएं, खंड विकास अधिकारी खेल के मैदान को वॉलीबॉल मैदान के रूप में विकसित करें, ग्राम में खाद के गड्ढों, शमशान-मरघट हेतु आरक्षित भूमि की भी पैमाइश कराई जाए। उन्होंने गांव के आंगनवाड़ी केंद्र में पंजीकृत जीरो से 05 वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती, धात्री महिलाओं की जानकारी करने पर पाया कि गांव के आंगनवाड़ी केंद्र में 88 बच्चे पंजीकृत है, जबकि गांव में 13 गर्भवती धात्री महिलाएं हैं, जिन्हें प्रतिमाह 01-01 किलो दलिया, चावल, चना, दाल, आधा किलो रिफाइंड उपलब्ध कराया जा रहा है, जिस पर मौके पर उपस्थित कई बच्चों के अभिभावकों ने बताया कि उन्हें निर्धारित मात्रा में आंगनवाड़ी केंद्र से खाद्यान्न मुहैया नहीं कराया जा रहा है, जिस पर उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए नगला भूड़ नगरिया के लक्षित बच्चों का तत्काल आंगनवाड़ी केंद्र में पंजीकरण कराए जाने हेतु निर्देशित किया। बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की जानकारी करने पर पाया कि गांव के प्राथमिक विद्यालय में 123 एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय में 42 छात्र-छात्राएं पंजीकृत है, जिनमें से 134 छात्रों के अभिभावकों के खातों में ड्रेस-स्वेटर हेतु रू. 1200 की धनराशि भेजी जा चुकी है, शेष 51 बच्चों का आधार न होने के कारण अभी उन्हें योजना का लाभ नहीं दिया गया है, विद्यालय में तैनात 05 शिक्षकों के सापेक्ष 03 शिक्षक उपस्थित मिले, जिस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को अनुपस्थित दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने, शेष बच्चों को तत्काल आधार कार्ड बनवाकर योजना में लाभान्वित कराए जाने हेतु आदेशित किया।
जिलाधिकारी ने ग्राम में मनरेगा, राज्य निधि से कराए गए कार्यों की जानकारी करने पर पाया कि मनरेगा से सी.सी. रोड, इंटरलॉकिंग नाली निर्माण के 03 कार्य संचालित है, राज्य निधि से 04 कार्य कराए जा चुके हैं साथ ही सफाईकर्मी की किट, डस्टबिन, प्लास्टिक बैग की स्थापना, केयरटेकर, पंचायत सहायक ग्राम प्रधान के मानदेय का भुगतान भी किया गया है, गांव में 42 व्यक्ति जॉब कार्ड धारक है, जिन्हें मांग के अनुसार मनरेगा से रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने ग्राम चौपाल में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करते हुए पाया कि गांव में 143 पात्र वृद्धों को वृद्धावस्था पेंशन, 12 लाभार्थियों को दिव्यांग पेंशन एवं 46 महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन योजना में लाभान्वित किया जा रहा है, 237 व्यक्तियों को पूर्व में स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत लाभान्वित कराया गया है जबकि हाल ही में शेष 10 पात्रों को शौचालय योजना में लाभ दिया गया है, गांव में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति हेतु 31 हैंडपंप स्थापित है, जो सभी चालू दशा में है, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में 05 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है, 139 किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना का लाभ पा रहे हैं।
आयोजित चौपाल में मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की संचालित जननी सुरक्षा योजना, नियमित टीकाकरण, कोविड-19 बचाव के सम्बनध में, उप कृषि निदेशक ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि यंत्र, बीज अनुदान योजना, प्रधानमंत्री किसान-सम्मान योजना, जिला समाज कल्याण अधिकारी ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, जिला पंचायत राज अधिकारी ने स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत शौचालय निर्माण, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने मुख्यमंत्री गोधन सहभागिता योजना, कृत्रिम गर्भाधान योजना, पशुओं के टीकाकरण, जिला प्रोबेशन अधिकारी ने निराश्रित महिलाओं, बच्चों के लिए संचालित योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, उप जिलाधिकारी भोगांव अंजलि सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पी.पी. सिंह, उपायुक्त मनरेगा पी.सी. राम, उप कृषि निदेशक डी.वी. सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी कयामुद्दीन अंसारी, जिला कृषि अधिकारी सूर्यप्रताप सिंह, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी दीपिका गुप्ता, खंड विकास अधिकारी बेवर अजय पाल सिंह, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी बेवर डा. आशुतोष सहित अन्य संबंधित अधिकारी, ग्राम प्रधान नवीन सिंह तोमर आदि उपस्थित रहे।



