
मैनपुरी(सूवि)जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कृष्ण सिंह ने कहा कि इस वर्ष भी दीपावली का त्यौहार दि. 24 अक्टूबर को मनाया जायेगा, दि. 22 अक्टूबर को धनतेरस, दि. 23 अक्टूबर को नरक चतुर्दशी, छोटी दीपावली, दि. 24 अक्टूबर को बड़ी दीपावली. दि. 26 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा व दि. 27 अक्टूबर को भैया दूज, चित्रगुप्त जयन्ती के पर्व मनाये जायेगे। उन्होने समस्त उप जिला मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि उक्त पर्वों पर ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाये कि जनपद में कहीं भी आपसी टकराव की स्थिति उत्पन्न होने की सम्भावना न रहे। उन्होने कहा कि सभी त्यौहार हर्षाेल्लास के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में शांतिपूर्वक मानये जाये, दीपावली के अवसर पर आतिशबाजी एवं विस्फोटक पदार्थों के परिवहन, सम्भरण एवं बिक्री पर नियम संगत तरीके से आवश्यक प्रतिबन्ध लगाया जाये ताकि आतिशबाजी की आड़ में विस्फोटक पदार्थों पर असामाजिक एवं राष्ट्र विरोधी तत्वों द्वारा दुरूपयोग न किया जा सके। इस अवसर पर जनपद में उपलब्ध अग्निशमन वाहनों, यंत्र को सुचारू रूप से कार्यशील स्थिति में रखें जायें, जिससे किसी भी आकस्मिक आगजनी की घटना घटित होने पर तत्काल कार्यवाही कर नियंत्रित किया जा सके, धनतेरस के दिन तथा दीपावली की रात्रि में बाजारों में विशेष पुलिस गश्त के प्रबन्ध किये जाये, जिससे लूटपाट, स्त्रियों के साथ छेड़छाड़ आदि की घटनायें न होने पायें, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता रखी जाये। उन्होने बताया कि इस अवसर पर शराब की दुकानों व ठेकों पर भी समुचित नियंत्रण रखा जाय ऐसे व्यक्तियों की एक अलग से सूची तैयार कर ली जाये जो शांति भंग कर सकते हैं अथवा अपराधिक प्रवृत्ति के हैं, उनके विरूद्ध निरोधात्मक कार्यवाही अमल में लायी जाये, दीपावली त्यौहार के अवसर पर विद्युत के अचानक कई बार चले जाने पर भ्रान्ति उत्पन्न होने के फलस्वरूप भगदड़ व अन्य प्रकार के अपराधों की घटनायें घटित हो सकती हैं।
उन्होने अधिशासी अभियन्ता, विद्युतः (शहरी, ग्रामीण) को निर्देशित किया है कि वह उक्त त्यौहारों पर लगातार निर्वाध विद्युत आपूर्ति एवं मार्ग प्रकाश व्यवस्था बनाये रखना सुनिश्चित करें तथा अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद व समस्त अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत उक्त त्यौहारों पर निर्वाध शुद्ध जलापूर्ति कराना सुनिश्चित करें, इस अवसर पर समस्त उप जिला मजिस्ट्रेट व क्षेत्राधिकारी पुलिस, अधिशासी अभियन्ता, विद्युत व अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद व समस्त अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत, मैनपुरी अपने-अपने दायित्वों को निर्वहन में कोई शिथिलता नहीं बरतें तथा उक्त त्यौहार पर उत्पन्न होने वाली चुनौतियों का सामना पूरी निष्ठा व लगन से करें, इस दौरान यदि कोई महत्वपूर्ण घटना संज्ञान में आती है तो उसकी सूचना बायरलैस सेट, मोबाईल व दूरभाष के माध्यम से अधोहस्ताक्षरी व पुलिस अधीक्षक को तत्काल उपलब्ध करायी जाये।
संबंधित उप जिला मजिस्ट्रेट व क्षेत्राधिकारी पुलिस अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत सतर्कता सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने हेतु उत्तरदायी होगें, इस अवधि में कोई भी अधिकारी बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेगें।


