
मैनपुरी(सूवि)जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने विभिन्न विभागों की समीक्षा के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से कहा कि पशुओं को लंपी रोग से बचाने के लिए वृहद स्तर पर टीकाकरण कराया जाए, विकास खंड सुल्तानगंज, घिरोर, कुरावली की ग्राम पंचायतों में उपलब्ध पशुओं का प्राथमिकता से टीकाकरण किया जाए, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि उक्त विकास खंडों में उपलब्ध 3800 पशुओं के सापेक्ष 2150 पशुओं का टीकाकरण कराया जा चुका है, इस पर उन्होंने संबंधित खंड विकास अधिकारियों को टीकाकरण कराए गए पशुओं का सत्यापन का रिपोर्ट उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद की गौशालाओं में उपलब्ध दुधारू गायों को कुपोषित, अति कुपोषित बच्चों के परिजनों को सहभागिता योजना में उपलब्ध कराया जाए, अब तक सहभागिता योजना में उपलब्ध कराए गए गोवंश के भरण-पोषण हेतु समय से पशुपालकों को धनराशि उपलब्ध कराई जाए, इसमें किसी भी स्तर पर विलंब न किया जाए।
श्री सिंह ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में निर्मित सभी सामुदायिक शौचालय क्रियाशील रहें, सामुदायिक शौचालयों का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से कराया जाए, सामुदायिक शौचालय समय से खुलें वहां साफ-सफाई के बेहतर प्रबंध किए जाएं, सामुदायिक शौचालय का संचालन करने वाले को समय से मानदेय का भुगतान किया जाए, साफ-सफाई हेतु सामग्री क्रय करने के लिए उपलब्ध कराए जा रहे रू. 03 हजार के सत्यापन हेतु 03 सदस्यीय टीम गठित कर सत्यापन कराया जाए, टीम में स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष के साथ मौजूदा प्रधान एवं पराजित प्रधान को सदस्य के रूप में रखा जाए साथ ही गांव के सबसे शिक्षित व्यक्ति को भी समिति में नामित किया जाए और उनके माध्यम से व्यय की गई धनराशि का सत्यापन कराया जाए। उन्होंने जिला बेकिस शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत विद्यालयों में कराए गए कार्यों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराई जाए ताकि उसका सत्यापन कराया जा सके, सभी विद्यालयों में मानक, निर्धारित मीनू के अनुसार छात्रों को मध्यान्ह भोजन मुहैया कराया जाए, खंड शिक्षाधिकारी निर्धारित मानक के अनुसार विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षिक स्तर में सुधार लाएं, बच्चों को संचारी रोग से बचाव हेतु विद्यालयों में जानकारी दी जाए, विद्यालयों के आसपास साफ-सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद रहे, किसी भी विद्यालय परिसर, विद्यालय के आसपास जलभराव की स्थिति न रहे सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नसबंदी, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, जननी सुरक्षा योजना के लक्ष्यों की पूर्ति हेतु अभियान चलाया जाए, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना, मुख्यमंत्री जन-आरोग्य योजना के अवशेष लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड प्राथमिकता पर बनाए जाएं, एंबुलेंस सेवा के रेस्पॉन्स टाइम में सुधार किया जाए, आवश्यकता पड़ने पर तत्काल मरीज तक एंबुलेंस पहुंचे। उन्होंने श्रम प्रवर्तन अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्रम मानधन योजना में अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाए, श्रम पोर्टल पर जनपद के प्रत्येक श्रमिक का पंजीकरण कराया जाए और उन्हें श्रम विभाग की संचालित योजनाओं में लाभान्वित किया जाए। उन्होंने जानकारी करने पर पाया कि जनपद के 5664 श्रमिकों के अब तक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जनपद में 67090 श्रमिक पोर्टल पर पंजीकृत हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी एस.एन.मौर्य, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. के.के. सिंह, उपायुक्त मनरेगा पीसी राम सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।


